home page

पलवल में आईटीआई छात्र ने हॉस्टल की छत से कूदकर दी जान:, मां के निधन के बाद था मानसिक रूप से परेशान

 | 
पलवल में आईटीआई छात्र ने हॉस्टल की छत से कूदकर दी जान:, मां के निधन के बाद था मानसिक रूप से परेशान


पलवल, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिले के दीघौट गांव स्थित एक निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में पढ़ रहे 20 वर्षीय छात्र ने हॉस्टल की छत से कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान खांबी गांव निवासी त्रिदेव के रूप में हुई है, जो पिछले काफी समय से मानसिक परेशानी से जूझ रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार त्रिदेव उक्त आईटीआई में बैट्री बनाने का कोर्स कर रहा था और संस्थान के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। रविवार शाम काे वह अचानक हॉस्टल की छत पर चढ़ गया और नीचे कूद गया। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि त्रिदेव पिछले करीब दो वर्षों से मानसिक तनाव में था और उसका उपचार भी चल रहा था। कुछ समय पूर्व उसकी मां का निधन हो गया था, जिसके बाद से उसकी मानसिक स्थिति और अधिक खराब हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस इस मामले को इत्फाकिया मौत मानते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

सदर थाना प्रभारी सुंदरपाल ने सोमवार को बताया कि यदि परिजनों की ओर से कोई शिकायत मिलती है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव का जिला नागरिक अस्पताल पलवल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है ।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग