हिसार में आपूर्ति उपलब्धता वाले क्षेत्रों में घरेलू पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य
-तीन माह बाद बंद हो सकती है एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई : एडीसी उत्सव आनंदहिसार, 04 अप्रैल (हि.स.)। अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने कहा है हिसार के जिन क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस का बुनियादी ढांचा तैयार हो चुका है, वहां के सभी घरों के लिए अब पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य कर दिया गया है। यह निर्णय सुरक्षा, ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए लिया गया है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने शनिवार काे स्पष्ट किया कि सेक्टर 9-11, सेक्टर-13, सेक्टर-15, सेक्टर 16-17, मॉडल टाउन एक्सटेंशन, अर्बन एस्टेट-II, पुलिस लाइन एरिया और हिसार शहर के वे इलाके, जहां गैस पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, वहां के निवासियों को तुरंत घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करना होगा।एडीसी के अनुसार, संबंधित क्षेत्रों के सभी गृहस्वामियों या कानूनी निवासियों को तीन महीने के अंदर अधिकृत गैस एजेंसी से पीएनजी कनेक्शन प्राप्त करना होगा। निर्धारित तीन महीने की अवधि समाप्त होने के बाद, संबंधित क्षेत्रों में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति नियमों के अनुसार बंद की जा सकती है। एडीसी उत्सव आनंद ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए तुरंत आवश्यक कार्रवाई करें। यह कदम सार्वजनिक सुरक्षा और आधुनिक ईंधन अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

