home page

यमुनानगर: बगैर डयूटी के गाड़ियों की जांच कर रहे सिंचाई विभाग के दो अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज

 | 

यमुनानगर, 15 जून (हि.स.)। सिंचाई विभाग के दो अधिकारियों को बगैर डयूटी के गाड़ियों की जांच करना महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के आधार पर सिंचाई विभाग के दो अधिकारियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रतापनगर थाना पुलिस ने दादूपुर जल सेवा मंडल के कार्यकारी अभियंता विजय गर्ग तथा उपमंडल अधिकारी अजय कटारिया के खिलाफ जांच प्रारंभ कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में हथनीकुंड बैराज सर्किल के अधीक्षण अभियंता प्रवीण गुप्ता ने कहा है कि वायरल वीडियो में दोनों अधिकारी रात्रि के समय एक वाहन में मौजूद दिखाई देते हैं। वीडियो में वे क्षेत्र से गुजरने वाले वाहनों के संबंध में पूछताछ करते हुए नजर आते हैं। बातचीत के दौरान अधिकारियों द्वारा संबंधित स्थल को सिंचाई विभाग की पटरी एवं विभागीय नियंत्रण क्षेत्र बताया जाता है तथा वहां गतिविधियों की निगरानी की बात कही जाती है।

शिकायत के अनुसार, वीडियो में जिन परिस्थितियों में अधिकारियों की मौजूदगी दिखाई दे रही है, उस समय विभागीय अभिलेखों में उनकी ऐसी कोई ड्यूटी निर्धारित नहीं थी। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया है कि उन्हें खनन सामग्री के परिवहन से जुड़े वाहनों की जांच अथवा रोक-टोक के लिए अधिकृत अधिकारी के रूप में नामित नहीं किया गया था।

इन्हीं आरोपों के आधार पर प्रतापनगर थाना पुलिस ने दोनों अधिकारियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब तक किसी कथित आर्थिक लेन-देन अथवा अवैध लाभ प्राप्त करने संबंधी प्रत्यक्ष साक्ष्य सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। पुलिस वायरल वीडियो की प्रामाणिकता, उसमें दर्ज घटनाक्रम, अधिकारियों की उपस्थिति के कारणों तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। घटना के बाद विभागीय कार्यप्रणाली और क्षेत्र में संचालित गतिविधियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार