home page

हिसार एयरपोर्ट पर गलत रनवे पर लैंडिंग की जांच शुरू

 | 
हिसार एयरपोर्ट पर गलत रनवे पर लैंडिंग की जांच शुरू


डीजीसीए टीम ने किया मौके का निरीक्षण

हिसार, 15 जुलाई (हि.स.)। यहां के महाराजा अग्रसेन

अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर चार्टर्ड विमान के गलत रनवे पर उतरने के मामले की जांच तेज

हो गई है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की दो सदस्यीय टीम बुधवार को एयरपोर्ट

पहुंची और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों से पूछताछ तथा

घटनास्थल का निरीक्षण किया।

जांच टीम ने एयरपोर्ट प्रबंधन से घटना की पूरी

जानकारी लेने के साथ-साथ संबंधित दस्तावेजों की जांच की। इसके अलावा एयर ट्रैफिक कंट्रोल

(एटीसी) और अन्य अधिकारियों से भी पूछताछ की गई। टीम ने उस पुराने रनवे का भी निरीक्षण

किया, जहां मंगलवार को चार्टर्ड विमान उतर गया था, और वहां की तकनीकी परिस्थितियों

का आकलन किया।

हिसार एयरपोर्ट के निदेशक ओपी सैनी ने बताया कि

डीजीसीए की टीम ने मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की है। अधिकारियों से आवश्यक

जानकारी जुटाने के साथ घटनास्थल का भी निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच

रिपोर्ट डीजीसीए तैयार करेगा और रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों तथा

आगे की कार्रवाई के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल जांच प्रक्रिया जारी

है।

ज्ञात रहे कि मंगलवार को मुंबई से गोभक्त नंद

किशोर गोयनका का पार्थिव शरीर लेकर आया एक चार्टर्ड विमान परिचालन रनवे के बजाय पुराने

रनवे पर उतर गया था। इस दौरान रनवे पर लगे एक रिफ्लेक्टिव मार्कर (कैट्स आई) से टकराने

के कारण विमान को मामूली क्षति पहुंची थी। हालांकि विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित

रहे और इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर