हिसार में अपराध पर लगाम व नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के निर्देश
लंबित मामलों में देरी पर एसपी सख्त
हिसार, 24 अगस्त (हि.स.)। अपराध नियंत्रण में ढिलाई और लंबित मामलों के निपटारे
में देरी पर एसपी सिद्धांत जैन ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए पुलिसिंग
में तेजी और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक ने सोमवार
को अपने कार्यालय में मंथली अचीवमेंट रिव्यू मीटिंग में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध
नियंत्रण, नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई और लंबित मामलों व शिकायतों की स्थिति की समीक्षा
की।
बैठक में सभी थाना प्रभारी, जीओ, चौकी प्रभारी, नशा मुक्ति टीम, शिकायत शाखा,
पीआईटी सेल समेत संबंधित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। एसपी ने थाना और शाखावार
कार्यों व उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से अपराध रोकने के लिए किए जा
रहे प्रयासों का फीडबैक लिया। एसपी ने लंबित मुकदमों, शिकायतों, जांच और तफ्तीश को निर्धारित समय में पूरा
करने के निर्देश देते हुए कहा कि वांछित और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी
रणनीति बनाई जाए। आदतन अपराधियों पर विशेष निगरानी रखने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई
करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने साफ कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में तत्परता,
जवाबदेही और परिणाम दिखाई देने चाहिए।
नशा तस्करी पर एसपी ने विशेष जोर देते हुए अभियान को और तेज करने के निर्देश
दिए। उन्होंने नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी
कानूनी कार्रवाई करने तथा युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने
को कहा।
अपराध नियंत्रण के लिए थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाने,
नाकाबंदी करने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच तथा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस
की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से अपराधियों
पर दबाव बनाने के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने थानों
में आने वाले लोगों की शिकायतें गंभीरता से सुनकर प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने
और प्रत्येक व्यक्ति के साथ शालीन व सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साइबर अपराध, महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराध, संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण
और सोशल मीडिया पर अपराध को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों पर भी प्रभावी निगरानी रखने
को कहा।
एसपी सिद्धांत जैन ने स्पष्ट किया कि लापरवाही, अनावश्यक देरी और कार्य में
उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को टीम भावना
के साथ काम करते हुए अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस का लक्ष्य अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ आमजन को
सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

