जींद : प्रधानमंत्री के जनसभा स्थल का डीसी व एसपी ने किया निरीक्षण
जींद, 07 जुलाई (हि.स.)। आगामी 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीसी डा. वैशाली शर्मा व पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने मंगलवार को प्रस्तावित जनसभा स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम सत्यवान सिंह मान, डीएमसी अनिल दून, सीटीएम मोनिका रानी, जीएम रोडवेज राहुल जैन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान डीसी डा. वैशाली शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता एवं समन्वय के साथ कार्य कर रहा है। सभी विभाग आपसी तालमेल बनाकर अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करना सुनिश्चित करें ताकि कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन किया जा सके। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ लगते ड्रेनेज सिस्टम की सफाई एवं मरम्मतए स्ट्रीट लाइटों को सुचारू रूप से चालू कराने तथा स्पीड ब्रेकरों की आवश्यक मरम्मत एवं पेंटिंग का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सड़क किनारे उगी झाडिय़ों की सफाई, जलभराव वाले स्थानों का तत्काल समाधान, मार्गों की साफ.-सफाई तथा सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
इस अवसर पर डीसी ने अधिकारियों द्वारा बनाए गए मैपिंग की रूप रेखा का भी अध्ययन किया और मीडिया गैलरी, वीआईपी पार्किंग, सांस्कृतिक मंच आदी के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली। डीसी ने लोक निर्माण विभागए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, नगर परिषद, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, बिजली निगम तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर लिए जाएं।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को यातायात प्रबंधनए पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, आपातकालीन निकास मार्ग, वीआईपी मूवमेंट तथा सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और सभी एजेंसियां समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जनसभा स्थलए पहुंच मार्ग, पार्किंग स्थल तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को आवश्यक सुधार कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

