home page

जींद : डीसी ने गांव में जाकर किया डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का निरीक्षण

 | 
जींद : डीसी ने गांव में जाकर किया डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का निरीक्षण


जींद, 07 अप्रैल (हि.स.)। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने पटवारियों को निर्देश दिए कि खेत के अदंर जाकर फसल की एंट्री करें। जिससे लोकेशन से संबंधित परेशानी कम होगी। जिस एकड़ में खड़ी फसल का सर्वे किया जाना है, उस किला नंबर के अंदर जाकर ही सर्वे करें।

डीसी मोहम्मद इमरान रजा मंगलवार को जुलाना खंड के गोसाईं खेड़ा गांव के खेतों में पहुंच कर रबी फसलों की डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत चल रहे गिरदावरी के कार्य का निरीक्षण कर रहे थे। डीसी ने पटवारियों द्वारा डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत की जा रही एंट्री के बारे में आवश्यक जानकारी हासिल की और इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने निरीक्षण के दौरान संबंधित खेत में पहुंच कर कार्य का स्वयं डिजिटल क्रॉप सर्वे में फसल की एंट्री प्रक्रिया देखी। उन्होंने खेत में खड़ी फसल की फोटो को एप पर अपलोड कर एंट्री दर्ज करवाई। डिजिटल सर्वे में किल्ला नंबर को सीजरा से मिलान किया।

गिरदावरी के दौरान डीआरओ राजकुमार तथा पटवारियों ने डीसी को अवगत करवाया कि एंट्री के दौरान एप पर कई बार लोकेशन से संबंधित परेशानी आती है। उन्होंने कहा कि संबंधित कर्मी खेत के बीच में जाकर एंट्री करें ताकि रेंज सहित अन्य तकनीकी दिक्कतों से बचा जा सके। डीसी ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के अनुसार ही किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलता है। इसलिए गंभीरता से इस कार्य को पूरा करें। अधिकारी पटवारियों से प्रतिदिन सर्वे रिपोर्ट लें। जहां काम ज्यादा लंबित है, वहां अधिक संख्या में कर्मचारियों की नियुक्ति करके काम को जल्द से जल्द पूरा करवाएं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, जुलाना के एसडीएम होशियार सिंह, डीआरओ राजकुमार सहित अन्य संबंधित पटवारी मौके पर मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा