home page

हिसार हवाई अड्डे पर सुविधाएं बढ़ाने व महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के लिए जगह तय करने के निर्देश

 | 
हिसार हवाई अड्डे पर सुविधाएं बढ़ाने व महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के लिए जगह तय करने के निर्देश


हिसार हवाई अड्डे पर सुविधाएं बढ़ाने व महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के लिए जगह तय करने के निर्देश


हवाई अड्डे से अग्रोहा तक विकास कार्यों की समीक्षा,

मंत्री विपुल गोयल ने ली बैठक

अग्रोहा में संग्रहालय व लाइट एंड साउंड शो की

तैयारियां परखीं

हिसार, 21 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के कैबिनेट

मंत्री विपुल गोयल ने हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे और अग्रोहा के पुरातात्विक

स्थल का दौरा कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ

हवाई अड्डे की व्यवस्थाओं और प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद अग्रोहा में

ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण, संग्रहालय और लाइट एंड साउंड शो की तैयारियों की जानकारी

लेते हुए कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे पर मंत्री विपुल गोयल

ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों से चल रहे विकास कार्यों, उनकी प्रगति और आगामी कार्ययोजना

पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे

किए जाएं। इसके लिए नियमित निगरानी, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और विभिन्न विभागों

के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यों में आने वाली बाधाओं

का समय रहते समाधान किया जाए और प्रगति की नियमित समीक्षा हो।

मंत्री ने हवाई अड्डे परिसर में महाराजा अग्रसेन

की प्रतिमा स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थान का जल्द चयन करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा हिसार और आसपास के क्षेत्र के विकास की

दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहां सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी कार्य

निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पूरे किए जाने चाहिए।

इसके बाद विपुल गोयल ने अग्रोहा स्थित पुरातात्विक

स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रस्तावित संग्रहालय और लाइट एंड साउंड शो की तैयारियों

की जानकारी ली तथा अधिकारियों से अब तक हुई खुदाई और आगामी चरणों में प्रस्तावित उत्खनन

कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि अग्रोहा प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक

विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसका संरक्षण और विकास नई पीढ़ी को अपने इतिहास से

जोड़ने के साथ क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण, संवर्धन और पर्यटन सुविधाओं

के विस्तार के लिए प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों को पुरातात्विक स्थल से जुड़े

कार्यों को योजनाबद्ध ढंग से आगे बढ़ाने और संरक्षण के साथ विकास पर ध्यान देने के

निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर