home page

सिरसा: गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर स्टॉक व सप्लाई व्यवस्था जांची

 | 
सिरसा: गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर स्टॉक व सप्लाई व्यवस्था जांची


सिरसा, 21 मार्च (हि.स.)। जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक हरवीर सिंह ने सिरसा जिले के गांव चौटाला व गंगा स्थित गैस वितरक एजेंसियों का निरीक्षण किया। हरवीर सिंह ने शनिवार काे बताया कि निरीक्षण के दौरान गैस एजेंसियों का स्टॉक रिकार्ड अनुसार पूर्ण पाया गया। गैस एजेंसी संचालकोंं द्वारा बताया गया कि उनके पास घरेलू गैस सिलेंडरों की किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं है तथा घरेलू गैस की सप्लाई सुचारू रूप से की जा रही है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडरों की डिलीवरी ओटीपी आधार पर की जा रही है।

गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए कि उपभोक्ताओं से डिलीवरी के समय निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य न वसूल किया जाए। यदि उपभोक्ता गैस की डिलीवरी लेने हेतु गोदाम पर जाता है तो उसे गोदाम के निर्धारित मूल्य अनुसार शुल्क लिया जाए तथा यदि उपभोक्ता को होम डिलीवरी दी जाती है तो उसी अनुसार उससे निर्धारित मूल्य वसूल किया जाए।

किसी भी सूरत में किसी भी उपभोक्ता से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि न वसूली जाए। यदि किसी गैस एजेंसी द्वारा ऐसा किया जाता है तो उसके विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी सिरसा, निरीक्षक व उपनिरीक्षक खाद्य एवं पूर्ति ने संयुक्त रूप से सिरसा शहर के स्थानीय बाजार का निरीक्षण किया। इसके अलावा कालांवाली व ओढां केंद्र में भी टीमों ने निरीक्षण किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma