जींद आएंगे हरियाणा के मुख्यमंत्री, पुलिस अधीक्षक ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
जींद, 26 जुलाई (हि.स.)। गांव उझाना में मुख्यमंत्री नायब सैनी के सोमवार के प्रस्तावित दौरे के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने रविवार को कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, मंदिर परिसर तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का बारीकी से जायजा लेकर सुरक्षा प्रबंधों का आंकलन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि गांव उझाना में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का मुख्यअतिथि के तौर पर शामिल होना प्रस्तावित है। यह आठमान विशाल भंडारा होगा, जो 26 व 27 जुलाई दोनों दिन चलेगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की मौजूदगी में 27 जुलाई सोमवार को पूर्णाहुति होगी और श्रीश्री 1008 सिद्ध बाबा खाकनाथ की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा होगी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। कार्यक्रम स्थल पर आने वाले आमजन की सुविधा के साथ-साथ सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन और समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखना जींद पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन करे तथा सुरक्षा संबंधी प्रत्येक बिंदु पर विशेष ध्यान दिया जाए। यातायात व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, वीआईपी सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं को समय रहते अंतिम रूप दिया जाए तथा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक नरवाना कमलदीप राणा, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय जींद संदीप कुमार, उप पुलिस अधीक्षक सफीदों गौरव शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक जींद रिषभ सोढ़ी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

