रोहतक में अधिकारियों से भिड़े इनेलो विधायक, लघु सचिवालय का किया घेराव
पुलिस अधीक्षक व अर्जुन चौटाला के बीच हुई तीखी बहस, तनावपूर्ण बनी स्थिति
रोहतक, 01 जून (हि.स.)। इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी ने पेट्रोल-डीजल, सीएनजी व रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों व बेहताशा बढ़ रही महंगाई के विरोध में भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री के नाम उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने के दौरान अर्जुन चौटाला व पुलिस अधीक्षक के बीच तीखी बहस हो गई, डीसी ने आने पर प्रदर्शनकारियों ने चार घंटे तक सोनीपत स्टैंड पर जाम लगा रखा। बाद में डीसी मौके पर पहुंचे और ज्ञापन लिया।
इसी दौरान विधायक अर्जुन चौटाला व पुलिस अधीक्षक के बीच तीखी बहस हो गई, यहां तक कि गाली गलौच तक का आरोप है। सोमवार को इनेलो के रानिया से विधायक अर्जुन चौटाला के नेतृत्व में हजारों की संख्या में कार्यकर्त्ता मानसरोवर पार्क में एकत्रित हुए और प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विधायक अर्जुन चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा जो महंगाई की मार जनता पर थोपी जा रही है, उससे पूरे देश व प्रदेश की जनता पूरी तरह से बेहद परेशान है। बढ़ती महंगाई के चलते आमजन मानस का जीना दुर्भर हो गया है। प्रदेश की जनता के पास आज एक मात्र विकल्प बचा है कि भाजपा भगाओ और देश व प्रदेश को बचाओ।
विधायक अर्जुन चौटाला ने कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और बढ़ती महंगाई ने हर वर्ग की कमर तोड़ कर रख दी है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा की तरह ही कांग्रेस को भी जनता की परेशानियों से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने सरकार को चेताया कि अगर जल्द पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस व सीएनजी के दामों में कटौती नहीं की गई तो इनेलो जनता के सहयोग से बड़ा फैसला लेने पर मजबूर होगी। इस अवसर पर बलवंत मायना, इन्द्र सिंह ढुल, नफे सिंह लाहली, राकेश सहगल, विनेश लाकडा, कृष्ण कौशिक, मंजीत कन्हेली, डॉ. राजपाल देशवाल, सतीश नांदल, वेद भराण, डीके हुड्डा, जयसिंह शिमली, शीला खरैटी, सुशीला देशवाल, सुधीर मलिक, पुनित मायना, सत्यवान, अमित मलिक, सुरेन्द्र बल्हारा, आकाश वशिष्ट सहित सैकडो कार्यकर्त्ता प्रमुख रूप से शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

