सोनीपत: वाहन की टक्कर से घायल बाइक सवार की सात दिन बाद मौत
सोनीपत, 08 नवंबर (हि.स.)। गन्नौर-बादशाही रोड पर 31 अक्टूबर को अज्ञात वाहन की टक्कर
से घायल हुए बाइक सवार की सात दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव
पुरखास निवासी 47 वर्षीय प्रवीन कुमार के रूप में हुई है। वह गन्नौर स्थित कैंपस एक्टिव
वियर लिमिटेड कंपनी में नौकरी करता था। हादसे के समय वह बाइक पर सवार होकर ड्यूटी पर
जा रहा था। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज
कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के भाई सुनील कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया
कि उसका बड़ा भाई प्रवीन कुमार 31 अक्टूबर 2026 को शाम बाइक पर सवार होकर ड्यूटी के
लिए निकला था। जब वह गन्नौर-बादशाही रोड पर पीर के नजदीक पहुंचा तो तेज रफ्तार से आ
रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से प्रवीन सड़क पर गिर
गया और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की मदद से घायल को एंबुलेंस के जरिए गन्नौर के सामुदायिक
स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे पीजीआई
खानपुर रेफर कर दिया। वहां से भी उसे बेहतर उपचार के लिए पीजीआई रोहतक ले जाने की सलाह
दी गई। इसके बाद परिजन उसे सोनीपत के फिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती कराया। 7
नवंबर को सुबह उपचार के दौरान प्रवीन ने दम तोड़ दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पीएसआई
नसीम पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने चिकित्सकों से सूचना पत्र और उपचार
संबंधी रिपोर्ट प्राप्त की। इसके बाद मृतक के भाई सुनील कुमार ने थाना गन्नौर में शिकायत
देकर फरार वाहन चालक की तलाश कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला
दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे में शामिल
वाहन तथा उसके चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

