home page

पलवल में काम पूरा होने से पहले 33 करोड़ का भुगतान, केंद्रीय मंत्री ने दिए जांच के आदेश

 | 
पलवल में काम पूरा होने से पहले 33 करोड़ का भुगतान, केंद्रीय मंत्री ने दिए जांच के आदेश


पलवल, 08 मई (हि.स.)। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने शुक्रवार को जिला सचिवालय में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। अधूरे कार्यों के बावजूद 33 करोड़ रुपये का भुगतान किए जाने के मामले को गंभीर मानते हुए उन्होंने सतर्कता जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही दोषी अधिकारियों व संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई कर राशि की वसूली सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने गांव भेंडोली में निर्माणाधीन महाविद्यालय के कार्य में देरी पर लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को भी जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़े तो अधिकारी चंडीगढ़ जाकर भी मामले का अनुसरण करें, लेकिन महाविद्यालय का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने जन स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने बिना शोधन के पानी को नहरों और यमुना में छोड़े जाने पर सख्त आपत्ति दर्ज कराते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमिगत जल और अन्य स्रोतों से आने वाले पानी की गुणवत्ता की जांच मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला से कराई जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने दो माह के भीतर सड़क टूटने के मामले को गंभीर लापरवाही बताते हुए जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों और अभियंताओं की मिलीभगत किसी भी कीमत पर सहन नहीं की जाएगी। निर्माण कार्यों में देरी करने वाले ठेकेदारों को काली सूची में डालने तथा उन पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग