मुख्यमंत्री नायब सैनी से बाेले विदेशी विद्यार्थी, एचएयू में मिला भारत जैसा अपनापन
अफ्रीकी देशों समेत कई देशों के विद्यार्थियों ने साझा किए अनुभव
उन्नत कृषि शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं की जमकर सराहना
हिसार, 21 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में पढ़ रहे विदेशी विद्यार्थियों
ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ सीधे संवाद के दौरान हरियाणा की संस्कृति, लोगों
के व्यवहार और विश्वविद्यालय में मिल रही कृषि शिक्षा की जमकर सराहना की। विद्यार्थियों
ने कहा कि हकृवि का शैक्षणिक एवं शोध वातावरण उन्हें बेहद पसंद आया और हरियाणा के लोगों
ने उन्हें ऐसा अपनापन दिया कि भारत उन्हें अपने दूसरे घर जैसा महसूस होता है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों से उनके अध्ययन,
शोध कार्य और हरियाणा में रहने के अनुभवों के बारे में बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों
से यहां की संस्कृति और विश्वविद्यालय में मिलने वाली शैक्षणिक सुविधाओं के बारे में
भी जानकारी ली। इस अवसर पर हकृवि के कुलपति प्रो. बलदेव राज कम्बोज सहित हरियाणा सरकार
के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
विद्यार्थियों ने बताया कि विश्वविद्यालय में उन्हें उन्नत कृषि अनुसंधान,
आधुनिक प्रयोगशालाओं, खेत आधारित शिक्षण, नवीन कृषि तकनीकों तथा वैज्ञानिकों और शिक्षकों
के साथ संवाद के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय के मैत्रीपूर्ण वातावरण
की भी सराहना की। हकृवि के अंतरराष्ट्रीय मामले प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. आशा क्वात्रा ने शुक्रवार काे बताया
कि संवाद सत्र में जिम्बाब्वे के एंडरसन इसाक, इथियोपिया के मिहरेटू योनास बारदेस्सा,
नाइजीरिया के मुहम्मद सानी गाम्बो और यूसुफ अमीनो, युगांडा के बेनेडिक्ट ओकाका तथा
केन्या की कींगाती जैक्लिन नजोकि ने भाग लिया। अफगानिस्तान की डॉ. खतेरा काने ने ऑनलाइन
माध्यम से सहभागिता की। कार्यक्रम में विदेश सहयोग
विभाग के महानिदेशक अशोक कुमार मीणा, मुख्यमंत्री के उप-प्रधान सचिव अजय कुमार तथा
विदेश सहयोग विभाग की संयुक्त निदेशक हिना बिंदलिश भी उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

