home page

हांसी: विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में तनु ने जीता रजत, भारत की झोली में डाला पहला पदक

 | 
हांसी: विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में तनु ने जीता रजत, भारत की झोली में डाला पहला पदक


भकलाना की बेटी ने अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप के

72 किलो वर्ग में दिखाया दमखम

हांसी, 22 अगस्त (हि.स.)। जिले के नारनौंद उपमंडल

के गांव भकलाना की बेटी तनु शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती के अखाड़े में अपनी प्रतिभा

का लोहा मनवाते हुए देश का गौरव बढ़ाया है। स्लोवाकिया (यूरोप) में आयोजित अंडर

-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के 72 किलोग्राम भार वर्ग में तनु ने शानदार प्रदर्शन

करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने चैंपियनशिप में

भारत को पहला पदक दिलाया।

तनु की सफलता की खबर मिलते ही भकलाना गांव सहित

पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। तनु की इस उपलब्धि ने न केवल भकलाना गांव बल्कि

हांसी जिले और पूरे हरियाणा का गौरव बढ़ाया है।

लगातार मेहनत और खेल के प्रति समर्पण

के दम पर तनु ने यह साबित कर दिया कि छोटे गांवों की बेटियां भी अंतरराष्ट्रीय मंच

पर देश का परचम लहरा सकती हैं। तनु के मामा योगेश शर्मा ने बताया कि तनु को बचपन से

ही खेलों में खास रुचि थी। उसकी प्रतिभा और कुश्ती के प्रति लगाव को देखते हुए उसके

चाचा एवं भारतीय सेना से सेवानिवृत्त नरेंद्र शर्मा ने उसे कुश्ती के लिए प्रोत्साहित

किया। इसके बाद तनु ने सातवीं कक्षा से कोच संजय सिहाग के मार्गदर्शन में कुश्ती का

प्रशिक्षण शुरू किया।

हिसार में निखरी प्रतिभा, अंतरराष्ट्रीय स्तर

पर बनाई पहचान

कुश्ती के शुरुआती प्रशिक्षण के बाद स्पोर्ट्स

सेंटर के कोच सुनील ढुल और राजेश नांदल ने तनु की प्रतिभा को तराशने में महत्वपूर्ण

भूमिका निभाई। नियमित अभ्यास, कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर तनु ने धीरे-धीरे अपनी

पहचान बनाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए खुद को तैयार किया।

तनु के पिता वीरेंद्र शास्त्री सरकारी विद्यालय

में संस्कृत अध्यापक हैं, जबकि उनकी माता सुमन लता गृहिणी हैं। परिवार ने तनु के खेल

सफर में लगातार उसका हौसला बढ़ाया। अब विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के बाद परिवार

के साथ-साथ गांव के लोग भी उसकी उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं। तनु के दादा मंगत राम शर्मा ने खुशी जताते हुए

कहा कि तनु ने कम उम्र में ही बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें पूरा विश्वास है कि

वह आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन करेगी और ओलंपिक में पदक जीतकर देश का नाम रोशन

करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर