home page

हरियाणा और अफ्रीका की साझेदारी से विकास को मिलेगी गति:नायब सिंह सैनी

 | 
हरियाणा और अफ्रीका की साझेदारी से विकास को मिलेगी गति:नायब सिंह सैनी


-भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट—2026 का नई दिल्ली में हुआ आयोजन

हरियाणा ऊर्जा, व्यापार और कृषि क्षेत्र में अफ्रीका से करेगा सहयोग

चंडीगढ़, 21 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वैश्विक सहयोग के नए दौर में हरियाणा अफ्रीकी देशों के साथ अपने संबंधों को और अधिक मजबूत एवं व्यापक बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कृषि, पशुपालन, डेयरी, बागवानी तथा अन्य एलाइड सेक्टर में आपसी सहयोग से एक दूसरे का अनुभव और विशेषज्ञता साझा करते हुए विकास में रफ्तार पकड़ेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट-2026 के अंतर्गत नई दिल्ली में आयोजित भारत-अफ्रीका सामरिक साझेदारी बैठक को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय उर्जा एवं आवासन मंत्री मनोहर लाल ने की, जबकि केंद्रीय ऊर्जा एवं नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद येस्सो नाइक ने भी समिट को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों में हरियाणा और अफ्रीका के बीच सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। आधुनिक तकनीक, उन्नत बीज, सिंचाई प्रबंधन, डेयरी विकास तथा कृषि-आधारित उद्योगों के क्षेत्र में साझेदारी से दोनों पक्षों को लाभ होगा। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा सरकार इस दिशा में संस्थागत सहयोग, निवेश प्रोत्साहन और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में हरियाणा और अफ्रीकी देशों के बीच सहयोग के नए आयाम स्थापित होंगे, जिससे न केवल आर्थिक प्रगति को गति मिलेगी, बल्कि वैश्विक स्तर पर साझा विकास और समृद्धि के लक्ष्य को भी साकार किया जा सकेगा।

भारत और अफ्रीकी देशों के लंबे संबंधों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह साझेदारी सांझा इतिहास, सांस्कृतिक जुड़ाव, संघर्षों और आकांक्षाओं पर आधारित है। दोनों क्षेत्र ‘ग्लोबल साउथ’ की मजबूत आवाज के रूप में उभर रहे हैं और समान विकास लक्ष्यों से जुड़े हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-अफ्रीका सांझेदारी समानता, विश्वास और पारस्परिक सम्मान पर आधारित है, जिसमें किसी को पीछे न छोड़ते हुए समावेशी और साझा विकास पर विशेष जोर दिया गया है। इस मौके पर मलावी गणराज्य की ऊर्जा और खनन मंत्री डॉ. जीन मथांगा, विद्युत विभाग के सचिव पंकज अग्रवाल, रवांडा के उच्चायुक्त जैकलीन मुकनगिरा, जिम्बाब्वे से नोमुसा मुस्वाम्बी, मॉरीशस के द्वितीय सचिव विशाल मुम्मलू, इथियोपिया से मेलेसाइन अयानरा, दक्षिण अफ्रीका से एचआरएच लेबोगांग ज़ुलु, स्विट्जरलैंड के ऊर्जा प्लेक्सस संस्थान से डॉ. लॉरेंस जोन्स, अफ्ऱीका 50 के सीईओ एलेन एबोबिसे, एनटीपीसी के एसएमडी गुरदीप सिंह, प्रधान सचिव अमनीत पी कुमार, निदेशक अशोक कुमार मीणा, मैनेजिंग डायरेक्ट विक्रम, मुख्यमंत्री के सलाहकार पवन चौधरी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा