हिसार : भिवानी रोहिल्ला के लाल देव रोहिल ने बढ़ाया जिले का गौरव
भारतीय वायु सेना में कमीशन प्राप्त करने पर गांव में खुशी
हिसार, 24 जून (हि.स.)। जिले के छोटे से गांव भिवानी रोहिल्ला ने एक बार फिर
अपने गौरवशाली इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। गांव के होनहार युवा फ्लाइंग ऑफिसर
देव रोहिल भारतीय वायु सेना में फाइटर पायलट के रूप में कमीशन प्राप्त कर देश सेवा
के लिए तैयार हो गए हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल गांव बल्कि पूरे हिसार जिले में
गर्व और उत्साह का माहौल है।
वायु सेना अकादमी हैदराबाद में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड एवं कमीशनिंग समारोह
में केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फ्लाइंग ऑफिसर देव रोहिल को भारतीय वायु
सेना में कमीशन प्रदान किया। इस अवसर पर युवा नेता सुरेंद्र गंगवा व परिवारजन भी उपस्थित
रहे। देव रोहिल ने तीन वर्ष के एनडीए तथा एक वर्ष के वायु सेना प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक
पूर्ण करने के बाद यह प्रतिष्ठित उपलब्धि हासिल की है। अब फ्लाइंग ऑफिसर देव रोहिल
देश की सीमाओं की रक्षा के लिए भारतीय वायु सेना के अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों का संचालन
करेंगे। उनकी यह सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है और यह संदेश देती
है कि समर्पण, अनुशासन और कठोर परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता
है।
देव रोहिल का परिवार भी लंबे समय से देश सेवा की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा
रहा है। उनके पिता कर्नल राजपाल सिंह रोहिल तथा नाना ब्रिगेडियर ओपी तोमर भारतीय सेना
में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके मामा विंग कमांडर रवि तोमर भारतीय वायु सेना में
अधिकारी हैं। इसके अलावा उनके दादा स्वर्गीय दयानंद हरियाणा सरकार में उच्च अधिकारी
के पद पर कार्यरत रहे हैं और आज भी क्षेत्र के लोग उन्हें सम्मानपूर्वक याद करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

