पलवल में शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर युवक से 1.40 लाख रुपये की ठगी
पलवल, 02 जून (हि.स.) । जिले के हथीन क्षेत्र में शेयर बाजार में निवेश के नाम पर एक युवक से एक लाख 40 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने टेलीग्राम ग्रुप और फर्जी वेबसाइट के माध्यम से युवक को अधिक मुनाफे का लालच देकर रकम हड़प ली। जिला साइबर थाना पुलिस ने मंगलवार काे शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर थाना प्रभारी नवीन कुमार ने मंगलवार को बताया कि अंधरोला गांव निवासी हैदर अली ने शिकायत में कहा है कि कुछ समय पहले उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया था। ग्रुप में शेयर बाजार निवेश से संबंधित विशेष सलाह और अधिक लाभ के दावे किए जाते थे। ग्रुप में मौजूद कथित सदस्यों के मुनाफे से जुड़े संदेश और स्क्रीनशॉट दिखाकर उसका विश्वास जीता गया।
पीड़ित के अनुसार, विश्वास में लेने के बाद उसे एक वेबसाइट पर पंजीकरण कराया गया। ठगों ने शेयर बाजार में निवेश पर अधिक लाभ का लालच देकर पिछले दो-तीन महीनों के दौरान अलग-अलग किस्तों में उससे कुल 1 लाख 40 हजार रुपये जमा करवा लिए। जब पीड़ित ने अपनी निवेश राशि और लाभ निकालने का प्रयास किया तो उसे ठगी का एहसास हुआ। जांच करने पर पता चला कि टेलीग्राम ग्रुप और संबंधित वेबसाइट दोनों फर्जी थे। इसके बाद उसने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
पोर्टल से शिकायत प्राप्त होने के बाद साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपितों की पहचान करने और ठगी गई राशि का पता लगाने का प्रयास कर रही है। साइबर थाना प्रभारी नवीन कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे टेलीग्राम, वाट्सएप या अन्य सामाजिक माध्यमों पर शेयर बाजार में निवेश और कम समय में अधिक मुनाफे के दावों से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी वेबसाइट पर धनराशि निवेश करने से पहले उसकी प्रामाणिकता की पूरी जांच कर लें तथा किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे स्थानांतरित न करें।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

