पलवल के छांयसा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर हमला, महिलाओं समेत चार घायल, 19 पर मामला दर्ज
पलवल, 26 फ़रवरी (हि.स.)। पलवल जिले के छांयसा गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस घटना में दो महिलाओं सहित चार लोग घायल हो गए। हथीन थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 19 नामजद सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हथीन थाना प्रभारी हरी किशन ने गुरूवार को बताया कि गांव छांयसा निवासी नसीम ने शिकायत में कहा है कि दोपहर करीब दो बजे उसके चार वर्षीय भतीजे का हाथ पड़ोस की एक युवती से छू जाने पर कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी पक्ष के तमिम, आस मोहम्मद, कामिल, रौनक, नाजरीन सहित अन्य लोग एकत्रित होकर उनके घर में घुस आए। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने घर का गेट तोड़ दिया और पथराव शुरू कर दिया। उनके हाथों में दरात, लाठी और डंडे थे। हमलावरों ने नूर निशा, मुसर्रफ, संजीदा और नसीम सहित अन्य लोगों के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आई महिलाओं को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा, जिससे वे भी घायल हो गईं।
घटना की सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए हथीन के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकीय जांच में कई लोगों को गंभीर चोटें आने की पुष्टि हुई है।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि अस्पताल से लौटते समय मुख्य सड़क पर आरोपियों ने उन्हें फिर से घेर लिया और मारपीट की। इस दौरान उनकी कार और ट्रैक्टर में भी तोड़फोड़ की गई। इतना ही नहीं, अगले दिन आरोपियों ने उनकी बैठक पर भी पथराव किया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 19 नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

