home page

हिसार : जलवायु परिवर्तन में आधुनिक तकनीक की अहम भूमिका : प्रो. बीआर कम्बोज

 | 
हिसार : जलवायु परिवर्तन में आधुनिक तकनीक की अहम भूमिका : प्रो. बीआर कम्बोज


हकृवि कुलपति ने विद्यार्थियों व शिक्षकों से किया संवाद, वैज्ञानिक सोच और

शोध को बढ़ावा देने पर दिया जोर

हिसार, 28 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के जूलॉजी विभाग में

विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय

के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने तथा शोध

एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान

समय में जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता के घटते स्तर जैसी चुनौतियों से निपटने के

लिए वैज्ञानिक शोध और आधुनिक तकनीकों को अपनाना बेहद जरूरी है।

कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने बुधवार काे कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), जैव प्रौद्योगिकी,

आनुवंशिकी और जैव सूचना विज्ञान जैसी आधुनिक तकनीकों से प्राणी विज्ञान के क्षेत्र

में शोध की नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं।

इन तकनीकों की मदद से वन्यजीवों की निगरानी

करने, जीवों में होने वाली बीमारियों को समझने और जैव विविधता के संरक्षण के लिए प्रभावी

उपाय विकसित करने में सहायता मिल सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को इन तकनीकों का

ज्ञान हासिल कर शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में अपनी रुचि विकसित करने का आह्वान किया।

प्रो. कम्बोज ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक

अनुभव, प्रभावी संवाद कौशल और टीम भावना विकसित करना भी आवश्यक है, ताकि वे भविष्य

की चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकें। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को

शोध के नए विषयों की पहचान करने, नवाचार के लिए प्रोत्साहित करने और गुणवत्तापूर्ण

शोध को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण, निरंतर सीखने

की प्रवृत्ति और व्यावहारिक अनुभव विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास

में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर