home page

सिरसा: आईएमए का फैसला, 15 सितंबर से बंद होंगी आयुष्मान की सेवाएं

 | 
सिरसा: आईएमए का फैसला, 15 सितंबर से बंद होंगी आयुष्मान की सेवाएं


सिरसा, 29 अगस्त (हि.स.)। आईएमए से जुड़े चिकित्सकों ने फैसला लिया है कि राज्य सरकार द्वारा आयुष्मान के तहत राशि उपलब्ध न करवाने के विरोध में 15 सितंबर से पूरे हरियाणा में मजबूरन आयुष्मान सेवाएं बंद की जाएंगी। सिरसा में शनिवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है।

आईएमए के जिला प्रधान डा. सौरव वालिया ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा लंबे समय से भुगतान लंबित है, जिसके बारे में बार-बार सरकार द्वारा लिखित आश्वासन देने के बावजूद पेमेंट जारी नहीं की जा रही है।

पेमेंट नहीं किए जाने से आयुष्मान के तहत कार्य कर रहे अस्पताल आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। अस्पताल प्रबंधकों को स्टाफ, डॉक्टर, मेडिकल, बेहोशी, बच्चों के डॉक्टर व ऊपर के बिजली का भुगतान अपने पैसों से मौके पर ही करना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त दूसरा महत्वपूर्ण गंभीर मुद्दा यह भी है कि अस्पताल चार साल पुराने रेटों पर काम कर रहे हैं, जिससे अस्पताल के खर्च भी पूरे नहीं होते हैं। इन सब के मद्देनजर मजबूर होकर पूरे राज्य में एक सितंबर को टोकन स्ट्राइक रखी जाएगी।

किसी भी तरह का आयुष्मान का काम नहीं किया जायेगा। इस पर भी यदि सरकार कोई भी कार्यवाही नहीं करती है तो 15 सितम्बर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। आईएमए हरियाणा ने आयुष्मान कार्ड धारक को इससे होने वाली कठिनाई के लिए खेद व्यक्त किया है। इस मौके पर डा. नरेश पेडीवाल, डा. आशीष खुराना, डा. अंजनी अग्रवाल, डा. वीवी गोयल सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma