कैथल: सड़क काटकर अवैध पाइप डालने पर कृषि मंत्री सख्त, एक्सईएन-एसडीओ पर कार्रवाई के निर्देश
कैथल, 28 अक्टूबर (हि.स.)। खेत में पानी की निकासी के लिए सड़क काटकर अवैध रूप से पाइपलाइन डालने के मामले में बुधवार काे कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कड़ा रुख अपनाया । गांव सांच निवासी विनोद कुमार की शिकायत पर सुनवाई करते हुए मंत्री ने संबंधित एक्सईएन और एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क में डाली गई पाइपलाइन को उखाड़ने के आदेश भी दिए। वे लघु सचिवालय में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में मामलाें की सुनवाई कर रहे थे।
कुल 11 शिकायतों की सुनवाई की गई, इनमें कुछ मामलों का मौके पर समाधान किया गया, जबकि कई शिकायतों में जांच पूरी कर अगली बैठक में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए। गांव सांघन निवासी रणधीर सिंह की जमीन विवाद से जुड़ी शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। वहीं, गांव पाई निवासी मंगत राम की गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ शिकायत की जांच एडीसी और डीएसपी को सौंपी गई। इन दोनों मामलों को अगली बैठक तक लंबित रखा गया। गांव टयोंठा निवासी हैंडबाल खिलाड़ी संदीप कुमार ने शिकायत दी थी कि स्टेट स्तर पर गोल्ड मेडल जीतने और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के बावजूद उसके खेल ग्रेडेशन प्रमाणपत्र में देरी हो रही है। इस पर मंत्री ने जिला खेल अधिकारी को उसी दिन अंबाला जाकर समस्या का समाधान करवाने और शाम तक उपायुक्त को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। मामले को अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया।
सेक्टर-21 निवासी नरेंद्र कुमार सहित उर्मिला देवी और पम्मी देवी की शिकायत में प्लॉट के कथित फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें अन्य लोगों को बेचने और शिकायतकर्ताओं को डराने-धमकाने का आरोप लगाया गया। मंत्री ने एसपी को मामले की जांच जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। इस शिकायत पर अगली बैठक में सुनवाई होगी। गांव फरल निवासी रानी देवी ने आरोप लगाया कि उनके पति को पुलिस रिमांड से बचाने के नाम पर पुलिस का हवाला देकर सरपंच प्रतिनिधि के खाते में 50 हजार रुपये जमा करवाए गए थे। मंत्री ने मामले की दोबारा डीएसपी स्तर पर जांच करवाकर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
गांव मालखेड़ी निवासी प्रेम सिंह ने खेत में ट्यूबवेल के लिए बिजली कनेक्शन शिफ्ट करवाने की मांग रखी। मंत्री ने बिजली विभाग को नियमानुसार जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, गांव भाणा निवासी राजपाल की गैस कनेक्शन ट्रांसफर संबंधी शिकायत का समाधान हो गया। संबंधित गैस एजेंसी ने कनेक्शन ट्रांसफर कर दिया, जिसके बाद शिकायत का निपटारा कर दिया गया। गांव भागल निवासी रामबतेरी ने बेटे की मृत्यु के बाद योजना के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि पूरी नहीं मिलने की शिकायत की थी। बैठक में उन्होंने बताया कि अब उन्हें पूरी राशि मिल चुकी है। इसके बाद मंत्री ने शिकायत का निपटारा कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

