home page

यमुनानगर में सील तोड़कर दोबारा चलाया स्टोन क्रशर,मामला दर्ज

 | 

यमुनानगर, 08 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर जिले में पर्यावरण मानकों की अनदेखी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा बंद किए गए स्टोन क्रशर को दोबारा अवैध रूप से संचालित करते हुए पकड़ा गया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार संबंधित स्टोन क्रशर को पहले ही प्रदूषण मानकों के उल्लंघन के चलते बंद करने के आदेश जारी किए गए थे। इसके तहत इकाई को विधिवत सील किया गया था, ताकि पर्यावरण को हो रहे नुकसान को रोका जा सके। हाल ही में विभागीय टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में पाया गया कि क्रशर पर लगाई गई आधिकारिक सील को तोड़ दिया गया था और मशीनरी को पुनः चलाने का प्रयास किया जा रहा था। इस कार्रवाई को नियमों की खुली अवहेलना माना गया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर इकाई को दोबारा सील कर दिया। साथ ही पूरी रिपोर्ट तैयार कर संबंधित थाना पुलिस को सौंप दी गई, जिसके आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि सील तोड़ने में किन लोगों की भूमिका रही और अवैध संचालन कब से किया जा रहा था। मामले में जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार