सोनीपत के गोहाना में प्रशासन ने गिराई अवैध कॉलोनियां
सोनीपत, 05 फ़रवरी (हि.स.)। सोनीपत
जिले में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन
ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त के निर्देशानुसार प्रारंभिक चरण में ही अवैध गतिविधियों
को रोकने के उद्देश्य से निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को गोहाना
व नगर गांव की राजस्व संपदा में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बड़ी कार्रवाई की
गई।
जिला
नगर योजनाकार अजमेर सिंह के अनुसार 13.5 एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से कॉलोनी विकसित
की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान एक निर्माणाधीन मकान, 25 डीपीसी, दो बाउंडरी वॉल,
सीवरेज व्यवस्था तथा कच्चे व पक्के रास्तों के नेटवर्क को ध्वस्त किया गया। प्रशासन
की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया।
जिला
नगर योजनाकार ने आमजन से अपील की कि वे अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें। ऐसी कॉलोनियों
में सड़क, पानी, सीवरेज और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं, जिससे
लोगों की मेहनत की कमाई जोखिम में पड़ सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्लॉट खरीदने
से पहले संबंधित कॉलोनी की स्वीकृति अवश्य जांच लें। जिले में किसी भी अवैध कॉलोनी
के निर्माण की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति अवैध कॉलोनी विकसित करता पाया
गया तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

