यमुनानगर:पुलिस ने अवैध हथियार सहित एक युवक को गिरफ्तार किया
यमुनानगर, 23 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल ने अवैध हथियार रखने के आरोप में एक युवक को काबू कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक संदिग्ध युवक गांव ताजकपुर के समीप अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान खड्डा यमुनानगर के पुराना हमीदा निवासी ताहिर अली के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आपराधिक गतिविधियों में पहले से संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ चोरी, छीना-झपटी और शस्त्र अधिनियम से जुड़े कुल 21 मामले विभिन्न अदालतों में लंबित हैं। पुलिस अधिकारी के अनुसार, अवैध हथियारों की उपलब्धता अपराधों को बढ़ावा देती है और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बनती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

