नूंह पहुंचे रेवाड़ी रेंज के आईजी, पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
नूंह, 02 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के नूंह जिले में तीन अगस्त को निकलने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने रेवाड़ी रेंज के आईजी ओमप्रकाश नरवाल रविवार को नूंह स्थित नल्हड़ शिव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने नूंह जिले के एसपी डॉ अर्पित जैन के साथ भारी पुलिस बल के साथ जलाभिषेक यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया।
ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर दक्षिण रेंज रेवाड़ी के आईजी ओम प्रकाश नरवाल ने रविवार को नूंह पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आईजी ओपी नरवाल ने कहा कि इस बार यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। यात्रा की सुरक्षा में 13 डीएसपी, 30 इंस्पेक्टर और करीब 2000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस बल भी पूरी तरह तैयार रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा मार्ग पर किसी भी कीमत पर मीट की दुकानें नहीं खुलेंगी। वहीं, बाजार खोलने या बंद रखने का निर्णय पूरी तरह दुकानदारों पर छोड़ दिया गया है। पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना और यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।
आईजी ने यह भी साफ किया कि ब्रजमंडल यात्रा के दौरान इंटरनेट सेवा बंद नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि असामाजिक और शरारती तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। किसी भी व्यक्ति को कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी और ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आईजी ओपी नरवाल ने आम नागरिकों से भी शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

