home page

सिरसा: धमकी भरी कॉल व फिरौती मांगने वालों को वेरिफाई कर नेटवर्क का पर्दाफाश करें: आईजी

 | 
सिरसा: धमकी भरी कॉल व फिरौती मांगने वालों को वेरिफाई कर नेटवर्क का पर्दाफाश करें: आईजी


सिरसा, 27 मई (हि.स.)। हिसार रेंज के पुलिस महानिरीक्षक कुलदीप सिंह ने हरियाणा सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखना है और इसके लिए पुलिस को सक्रिय, सतर्क तथा तकनीकी रूप से सक्षम होकर कार्य करना होगा। विदेशी नंबरों से धमकी भरी कॉल्स, फिरौती मांगने वालों को वेरिफाई कर उनके नेटवर्क का पर्दाफाश करें।

पुलिस महानिरीक्षक कुलदीप सिंह बुधवार को सिरसा व डबवाली में पुलिस अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

आईजी ने अंतरराज्यीय सीमाओं पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि बाहरी राज्यों से होने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अपराध रोकथाम के लिए मजबूत रणनीति अपनाते हुए आमजन को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध करवाई जाए। बैठक में विदेशी नंबरों से आने वाली धमकी भरी कॉल्स, फिरौती मांगने तथा संगठित अपराध से जुड़े मामलों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। आईजी कुलदीप सिंह ऐसे मामलों में तुरंत साइबर सेल की सहायता लेकर कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकाले जाएं और आरोपियों की लोकेशन, पहचान व नेटवर्क का पता लगाकर उनके खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि विदेशी नंबरों से फिरौती अथवा धमकी भरी कॉल्स आने की घटनाओं पर तुंरत संज्ञान लें और धमकी भरी कॉल्स आने वाले व्यक्ति को अभेद्य एप डाउनलोड करवाकर उसकी साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करें। नशा तस्करी को समाज के लिए गंभीर खतरा बताते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस को विशेष अभियान चलाकर नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करना होगा। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma