home page

जींद : शहरी क्षेत्र में पेयजल व सीवरेज के बिलों पर 31 दिसंबर तक लगे सरचार्ज होंगे माफ

 | 
जींद : शहरी क्षेत्र में पेयजल व सीवरेज के बिलों पर 31 दिसंबर तक लगे सरचार्ज होंगे माफ


जींद, 09 अप्रैल (हि.स.)। शहरी क्षेत्र में पेयजल व सीवरेज के बकाया बिल 31 मई तक नही भरे तो उनके पेयजल कनेक्शन काट दिए जाएंगे। विभागीय कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाया जाएगा। विभाग की तरफ से जारी अधिसुचना के अनुसार 31 दिसंबर तक की अवधि तक के बकाया बिलों पर लगें सरचार्ज में 100 प्रतिशत की एकमुश्त छुट दी जाएगी लेकिन इसके लिए उपभोक्ताओं को 31 मई तक अपना पूरा बकाया बिल चालू बिल के साथ जमा करवाना अनिवार्य होगा।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता भानु प्रकाश शर्मा ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि शहरी पेयजल बिल रिकवरी अभियान के दौरान जींद शहर में विभाग की सरचार्ज माफी योजना की जानकारी उपभेाक्ताओं के साथ सांझा भी की जा रही है। पुराने नियमों के तहत देरी से भुगतान करने पर कुल बिल राशि पर जुर्माना लगता था जिससे बिल की राशि काफी बढ़ जाती थी। अब नए संशोधन के तहत यदि देय तिथि तक बिल नही भरा जाता है तो केवल चालू बिल पर ही एक बार 10 प्रतिशत की दर से जुर्माना लगाया जाएगा।

अगले बिलों में पिछली कुल बकाया राशि पर जुर्माना नही जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ मीटर युक्त पेयजल कनैक्शन उपभेाक्ताओं को ही मिलेगा। यदि बिना मीटर युक्त पेयजल कनैक्शन उपभेाक्ता इस योजना का लाभ उठाना चाहता है तो उसे अपने पेयजल कनैक्शन पर मीटर लगवाना होगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से कहा कि वे जल्दी से जल्दी अपने बकाया बिल भरे। यदि उपभोक्ता 31 मई तक बिल नही भरता तो विभाग द्वारा पेयजल कनैक्शन काट दिये जाएंगे। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जिला सलहाकार रणधीर मताना ने बताया की जिला में जींद, जुलाना, नरवाना, उचाना व सफीदों शहर में 53960 पेयजल एवं सीवरेज उपभेाक्ता हैं। उन्होने बताया की विभाग का इन उपभोक्ताओं पर पेयजल एवं सीवरेज बिल के रूप में करोडों रुपये की राशि बकाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा