चंडीगढ़-हरिद्वार के बीच शुरू होगी एचवीएसी बस सेवा
अंबाला, यमुनानगर, सहारनपुर और रुडक़ी में मिलेगी बस सेवा की सुविधा
चंडीगढ़, 22 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश सरकार ने चंडीगढ़ और हरिद्वार के बीच एचवीएसी (हीटिंग, वेंटिलेशन एवं एयर कंडीशनिंग) बस सेवा शुरू का फैसला किया है। यह बस सेवा 23 अक्तूबर से शुरू होगी और निर्धारित समय-सारिणी यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस बस सेवा से चंडीगढ़, अंबाला, यमुनानगर, सहारनपुर, रुडक़ी और हरिद्वार के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
परिवहन मंत्री ने कहा कि बस सेवाओं की समयबद्धता और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न शहरों से बस के प्रस्थान और गंतव्य तक पहुंचने का समय निर्धारित किया गया है। इससे यात्रियों को अपनी यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।
निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार, चंडीगढ़ से हरिद्वार जाने वाली बस चंडीगढ़ से सुबह 9.08 बजे रवाना होगी। इसके बाद बस अंबाला से सुबह 10.40 बजे, यमुनानगर से दोपहर 12.00 बजे, सहारनपुर से दोपहर 12.50 बजे तथा रुडक़ी से दोपहर 1.55 बजे रवाना होगी। बस के हरिद्वार पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर 2.40 बजे है।
इसी प्रकार, वापसी में हरिद्वार से चंडीगढ़ जाने वाली बस हरिद्वार से दोपहर 3.50 बजे, रुडक़ी से शाम 4.40 बजे, सहारनपुर से शाम 5.50 बजे, यमुनानगर से शाम 6.40 बजे तथा अंबाला कैंट से शाम 7.50 बजे रवाना होगी। बस के चंडीगढ़ बस स्टैंड पहुंचने का निर्धारित समय रात 9.00 बजे है। अनिल विज ने कहा कि बेहतर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था न केवल यात्रियों को सुविधाजनक सफर उपलब्ध करवाती है, बल्कि विभिन्न शहरों के बीच संपर्क को भी मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार का प्रयास है कि यात्रियों को उनकी जरूरत के अनुसार बेहतर बस सेवाएं उपलब्ध हों और उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

