home page

यमुनानगर:पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, पुलिस ने रिमांड पर लिया

 | 
यमुनानगर:पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, पुलिस ने रिमांड पर लिया


यमुनानगर, 18 जून (हि.स.) यमुनानगर जिले के छप्पर थाना क्षेत्र के गधौला गांव में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी दर्शन लाल को टोल प्लाजा के निकट से हिरासत में लेने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि महिंद्रो देवी की मृत्यु के संबंध में उनकी गोद ली हुई पुत्री प्राची की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में कहा गया कि महिंद्रो देवी ने बचपन में प्राची को गोद लिया था। प्राची के अनुसार उसकी मां और दर्शन लाल के बीच लंबे समय से पारिवारिक तनाव बना हुआ था तथा आरोपी अक्सर नशे की हालत में विवाद और मारपीट करता था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पूर्व महिंद्रो देवी ने भी पति द्वारा किए जा रहे कथित उत्पीड़न की जानकारी परिवार को दी थी। घटना वाले दिन दर्शन लाल ने परिजनों को फोन कर बताया कि महिंद्रो देवी की पानी की टंकी के पास गिरने से मृत्यु हो गई है। हालांकि सूचना मिलने पर जब परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो परिस्थितियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। प्राची ने आरोप लगाया कि मृतका के गले पर दबाव के निशान दिखाई दे रहे थे, जबकि एक कान से रक्तस्राव भी हुआ था।

इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जांच प्रारंभ की। प्रारंभिक तथ्यों और शिकायत के आधार पर दर्ज प्रकरण में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार