एचटेट-2026 : पुलिस अलर्ट, परीक्षा केंद्रों पर दाे बार हाेगी जांच, सीसीटीवी निगरानी
डीजीपी ने दिए कड़े निर्देश, सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर, फोटो स्टेट की दुकानें भी रहेंगी बंद
चंडीगढ़, 02 जुलाई (हि.स.)। राज्य में 4 और 5 जुलाई को आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में कराने के लिए हरियाणा पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी रहेगी तो बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद अभ्यार्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। वहीं, डायल-112 के साथ पुलिस के वाहनों की गश्त निरंतर रहेगी।
एचटेट को लेकर पुलिस की तैयारियों के संबंध में पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने गुरुवार काे सभी पुलिस आयुक्तों एवं जिला पुलिस अधीक्षकों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस महानिदेशक हरियाणा अजय सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता एचटेट-2026 परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए राज्यभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि सभी पुलिस आयुक्तों एवं जिला पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे तथा नकल, अफवाह फैलाने, परीक्षा में व्यवधान उत्पन्न करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध तुरंत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया की निरंतर निगरानी, खुफिया तंत्र की सक्रियता, दोहरी फ्रिस्किंग, सीसीटीवी निगरानी तथा क्विक रिस्पॉन्स टीमों की तैनाती के माध्यम से परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के साथ-साथ प्रश्न पत्रों के भंडारण स्थलों (ट्रेजरी) तथा प्रश्न पत्रों के सुरक्षित परिवहन के दौरान भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। पुलिस मुख्यालय ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक जिले में राजपत्रित अधिकारियों को परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था का प्रभारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को ड्यूटी से पूर्व राजपत्रित अधिकारी द्वारा विस्तृत ब्रीफिंग दी जाएगी। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ अधिकारी परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।
नकल माफिया पर विशेष नजर, खुफिया तंत्र रहेगा सक्रिय
परीक्षा के दौरान नकल माफिया एवं अन्य असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए जिला पुलिस की खुफिया इकाइयों को सक्रिय किया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित कोचिंग सेंटरों, होटल, लॉज, धर्मशालाओं, साइबर कैफे तथा अन्य संदिग्ध स्थानों की जांच की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर दो-स्तरीय फ्रिस्किंग व्यवस्था लागू रहेगी। प्रथम स्तर पर पुलिस एवं होमगार्ड द्वारा तथा दूसरे स्तर पर निजी सुरक्षा कर्मियों द्वारा अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी। किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्टवॉच, टैबलेट, पेजर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पुस्तकें, नोट्स, खुले कागज, पर्स, बेल्ट, पानी की बोतल अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
सभी परीक्षा केंद्रों के परीक्षा कक्षों, हॉल एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की अफवाह, फर्जी सूचना, भ्रामक संदेश अथवा प्रश्न पत्र लीक जैसी भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के बाहर यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था एवं कतार प्रबंधन के लिए विशेष पुलिस प्रबंध किए गए हैं। पुलिस एवं होमगार्ड कर्मी परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वारों पर तैनात रहेंगे ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

