home page

एचएसएससी भर्तियां से पहले लेगा युवाओं के सुझाव,अदालती विवाद से बचने की कवायद

 | 

चंडीगढ़, 01 मार्च (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा नई भर्तियों की तैयारी शुरू कर दी गई है। आयोग द्वारा पुलिस भर्तियों की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इससे पहले हाल ही में ग्रुप डी के लिए सीईटी के आयोजन का भी ऐलान किया जा चुका है। पिछले सीईटी में करीब 13 लाख युवाओं ने भाग लिया था।

किसी प्रकार के विवाद से बचने के लिए सरकार द्वारा अब अधिकतर भर्तियां आयोग के माध्यम से की जा रही हैं। एक तरफ जहां आयोग द्वारा इस वर्ष का भर्ती कैलेंडर तैयार किया जा रहा है वहीं दूसरी तरफ आयोग के चेयरमैन ने निकट भविष्य में सरकारी पदों पर भर्तियां शुरू करने का ऐलान किया है।

पूर्व समय के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा की गई कई भर्तियां कानूनी विवाद में उलझकर सिरे नहीं चढ़ सकी हैं। ऐसे में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने अब बीच का रास्ता निकाल लिया है। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से बताया कि आयोग द्वारा निकट भविष्य में भर्तियों का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए कई विभागों के माध्यम से आवेदन मांगे जाएंगे।

हिम्मत सिंह ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद युवा अक्सर अपने सुझाव देते हैं। बहुत से युवा इसे लेकर अदालत में चले जाते हैं, जिससे हजारों युवाओं का नुकसान होता है। इससे आयोग को भी कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इससे बचने के लिए भर्तियों के विज्ञापन जारी होते ही युवा एक गूगल शीट के माध्यम से अपने सुझाव आयोग को दे सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से पहले उन सुझावों पर विचार विमर्श करके अगला निर्णय लिया जाएगा। आयोग के चेयरमैन ने इसके लिए आज ही एक गूगल फार्म भी जारी कर दिया है।

हिम्मत सिंह ने कहा कि कुछ अभ्यर्थियों के अदालत में जाने से न केवल हजारों युवाओं का नुकसान होता है बल्कि आयोग व सरकार को भी कई तरह की परेशानियां आती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा