home page

जनगणना ड्यूटी में गड़बड़ी पर हसला ने जताया विरोध

 | 

चंडीगढ़, 23 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन (हसला) के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य प्रधान सतपाल सिंधु की अगुवाई में शिक्षा निदेशक जितेंद्र दहिया से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान हसला प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को उठाया और उनके समाधान की मांग की। वहीं, हसला प्रतिनिधिमंडल ने जनगणना ड्यूटी में गड़बड़ी को लेकर विरोध जताया। हसला का तर्क था कि जनगणना कार्य में पदानुक्रम ड्यूटी नहीं लगाई जा रही है। इस पर संज्ञान लेते हुए निदेशक ने हरियाणा के जनगणना प्रभारी से बातचीत कर फील्ड स्तर पर आवश्यक निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया, ताकि शिक्षकों के साथ किसी प्रकार का अन्याय न हो। इसके अलावा पीजीटी से प्राचार्य पदोन्नति (रेस्ट ऑफ हरियाणा) में हो रही देरी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर निदेशक ने भरोसा दिलाया कि वे स्वयं इस मामले को एसीएस स्तर पर उठाकर समाधान सुनिश्चित करेंगे। वहीं मेवात क्षेत्र में पीजीटी से प्राचार्य पदोन्नति से जुड़ी फाइल पर कार्रवाई पूरी कर उसे जल्द ही उच्च अधिकारियों को भेजने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में राज्य महासचिव डॉ. तरशेम कौशिक, राज्य वित्त सचिव पवन मोर, राज्य कार्यकारी प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष जगबीर देसवाल और सतीश मलिक भी उपस्थित रहे।

शैक्षणिक संस्थानों में बेसिक सुविधाओं और टीचिंग क्वालिटी पर बनेगी रिपोर्ट

उच्चतर शिक्षा विभाग प्रदेशभर के शैक्षणिक संस्थान में बेसिक सुविधाओं और टीचिंग एक्टिविटी की क्वालिटी को बेहतर बनाने के लिए रिपोर्ट तैयार करेगा। इसको लेकर विभाग की ओर से तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, जोकि प्रदेश के सभी विश्वविविद्यालयों, महाविद्यालयों और प्राइवेट कालेजों का दौरा करेगी। उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अपूर्व कुमार के निर्देशानुसार कमेटी गठित की गई है, जोकि शैक्षणिक संस्थानों का दौरा करेगी और बेसिक सुविधाओं के साथ पढ़ाने की क्वालिटी को बेहतर बनाने के लिए रिपोर्ट तैयार करेगी। कमेटी में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के निजी सचिव करण सिंह, सदस्य एचएसएचईसी डॉ. सतरूप ढांडा और शिक्षा मंत्री के निजी सचिव प्रदीप जागलान को शामिल किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा