home page

बाल अधिकार आयोग की अध्यक्ष तृप्ति श्योराण ने अस्पताल व आश्रम की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 | 
बाल अधिकार आयोग की अध्यक्ष तृप्ति श्योराण ने अस्पताल व आश्रम की व्यवस्थाओं का लिया जायजा


कैथल, 04 जून (हि.स.)। हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एचएससीपीसीआर)की अध्यक्ष तृप्ति श्योराण ने गुरुवार को कैथल का दौरा कर नागरिक अस्पताल, बाल उपवन आश्रम और आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों और महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दौरे की शुरुआत नागरिक अस्पताल से हुई, जहां अध्यक्षा ने पीएमओ कार्यालय में चिकित्सकों से अस्पताल की सेवाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने नवजात शिशु देखभाल इकाई (एनआईसीयू), प्रसूति कक्ष और ओपीडी का निरीक्षण किया। अस्पताल में भर्ती महिलाओं से बातचीत के दौरान उन्होंने सरकार की ओर से मिल रही सुविधाओं पर संतोष जताया।

निरीक्षण के बाद तृप्ति श्योराण ने कहा कि अस्पताल में बच्चों को बेहतर स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिन्हें निरंतर बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने अस्पताल में स्वच्छता और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन में संचालित क्रेच सेंटर का निरीक्षण किया। यहां बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार, प्री-स्कूल गतिविधियों और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान राशन की समय पर आपूर्ति न होने का मामला सामने आया, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए। साथ ही गर्मी को देखते हुए कूलर या एसी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

अध्यक्षा ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ बच्चों तक जमीनी स्तर पर पहुंचना चाहिए और उनके सर्वांगीण विकास के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

दौरे के दौरान उन्होंने बाल उपवन आश्रम का भी निरीक्षण किया। यह आश्रम विशेष दत्तक ग्रहण अभिकरण के रूप में कार्य करता है। यहां बच्चों की देखभाल, आवास, शिक्षा और अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. रेणू चावला, कार्यक्रम अधिकारी सपना, डीएसपी गुरविंद्र सिंह, सीडीपीओ शशि बाला, डीसीडब्ल्यूओ कोमल, पीएमओ डॉ. दिनेश कंसल, डॉ. अनिल अग्रवाल, सलाहकार शशिकांत और समाजसेवी रवि भूषण गर्ग सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे