home page

कांवड़ यात्रा, स्वतंत्रता दिवस और त्योहारों को लेकर हरियाणा पुलिस अलर्ट

 | 
कांवड़ यात्रा, स्वतंत्रता दिवस और त्योहारों को लेकर हरियाणा पुलिस अलर्ट


चंडीगढ़, 05 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ यात्रा, आगामी स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के मद्देनजर हरियाणा पुलिस ने पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी पुलिस आयुक्तों, जिला पुलिस अधीक्षकों तथा संबंधित अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी संभावित खतरे से प्रभावी ढंग से निपटने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने बुधवार को बताया कि सभी जिलों में पर्याप्त पुलिस बल को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयार रखा जाएगा। जरूरत पड़ने पर अन्य ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी तुरंत कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में लगाया जाएगा। सभी जिलों में पुलिस बल नियमित रूप से दंगा नियंत्रण अभ्यास करेगा, ताकि किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को वाटर कैनन, वज्र वाहन, ड्रोन, एम्बुलेंस, जेसीबी, क्रेन और अन्य जरूरी पुलिस संसाधनों की पहले से जांच कर उन्हें पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा अन्य जरुरी उपकरणों और गश्ती वाहनों की भी अच्छी तरह जांच कर उन्हें हर समय इस्तेमाल के लिए तैयार रखने को कहा गया है। प्रदेश के सभी जिलों को खुफिया तंत्र को और अधिक सक्रिय करने तथा आईबी, सीआईडी और अन्य केंद्रीय एवं राज्य एजेंसियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि दिल्ली और पंजाब से सटे होने के कारण हरियाणा सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। इसलिए सभी जिलों को पर्याप्त सुरक्षा बल की अग्रिम तैनाती करने तथा किसी भी आतंकी या असामाजिक गतिविधि को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को शांति समितियों की बैठकें पहले से आयोजित करने, जिला प्रशासन, रेलवे, सेना, वायुसेना, राजस्व, स्वास्थ्य, अग्निशमन, परिवहन, नगर निकाय तथा अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा