मृत शिक्षकों के परिवारों लोन माफ करेगी हरियाणा सरकार
चंडीगढ़, 25 मई (हि.स.)। शिक्षा विभाग ने मृतक शिक्षकों के परिवारों को बड़ी राहत दी है। विभाग की लोन माफ करने के निर्देश दिए हैं। राज्य के सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर कहा है कि जिन अध्यापकों ने विभाग से ऋण लिया था और उनकी मृत्यु हो चुकी है, उनके लंबित ऋण मामलों का शीघ्र निपटान कर राशि ‘वेव ऑफ’ (माफ) करने की प्रक्रिया तेज की जाए।
निदेशालय द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि कई मामलों में बिना सही जांच और सत्यापन के फाइलें भेजी जा रही थीं, जिसके कारण लंबे समय तक मामलों का निपटारा नहीं हो पा रहा था। इससे विभाग और सरकार पर अनावश्यक वित्तीय बोझ भी बढ़ रहा था। अब विभाग ने ऐसे मामलों में सख्ती बरतते हुए पूरी वित्तीय जानकारी सत्यापित कर भेजने के निर्देश दिए हैं।
पत्र के अनुसार संबंधित अधिकारियों को मृतक कर्मचारियों के ऋण से जुड़ी पूरी जानकारी पंजाब नेशनल बैंक के नवीनतम स्टेटमेंट के आधार पर तैयार करनी होगी। इसमें मूल ऋण राशि, कर्मचारी के वेतन से जमा किस्तें, ब्याज राशि, वित्त विभाग द्वारा जमा की गई राशि तथा शेष बकाया का विस्तृत ब्यौरा देना अनिवार्य किया गया है।
उल्लेखनीय है कि लंबे समय से कई परिवार ऋण संबंधी औपचारिकताओं और सरकारी प्रक्रियाओं के कारण परेशान थे। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि मृतक कर्मचारी ने कुल कितने ऋण लिए थे और कितना भुगतान पहले ही किया जा चुका है। इसके बाद ही शेष राशि को माफ करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
निदेशालय ने सभी जिला अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि मामलों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही के लिए संबंधित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

