home page

अब गांव से पांच किलोमीटर दूर ढाणियों को भी मिलेगी 24 घंटे बिजली

 | 

चंडीगढ़, 24 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने गांव से पांच किलोमीटर की दूरी पर बसी ढाणियों को 24 घंटे बिजली सप्लाई करने का फैसला लिया है। पहले एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित ढाणियों में बिजली सप्लाई की जाती थी। यही नहीं, जिस ढाणी में 11 सदस्य हैं, उन्हें एक यूनिट मानते हुए बिजली सप्लाई मुहैया करवाई जाएगी, पहले यह शर्त 11 घरों की थी, जिसे सरकार ने हटाकर ढाणियों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत दी है।

यह ऐलान पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन मंगलवार को शून्यकाल के दौरान विधायकों द्वारा उठाए गए मुद्दों का जवाब देते हुए किया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लालडोरे के भीतर किसी भी घर, स्कूल, अस्पताल या फिर शमशान घाट के ऊपर से गुजर ही हाईटेंशन तार को सरकार अपने खर्च पर हटाएगी।

नांगल चौधरी से विधायक मंजू चौधरी ने ढाणियों में 24 घंटे बिजली सप्लाई का मुद्दा उठाया था। नीलोखेड़ी विधायक भगवान दास कबीर पंथी ने चाइना डोरी के प्रयोग से हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए चाइना डोरी बेचने वालों पर शिकंजा कसने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने नीलोखड़ी और तरावड़ी तथा निसिंग में बाइपास की मांग उठाई।

पानीपत विधायक प्रमोद विज ने औद्योगिक नगरी पानीपत की समस्याओं के प्रति ध्यानाकर्षित किया। नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़ ने जलभराव वाले गांवों में मुआवजा देने में भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए नारनौंद विधानसभा के जिन गांवों में जलभराव हुआ था, उनके सभी किसानों को मुआवजा देने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने ड्रेनों की सफाई और नई ड्रेनों के निर्माण का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने मजदूरों को रोजगार गारंटी के साथ 700 रुपये दिहाड़ी देने की भी मांग की।

बाढड़ा विधायक उमेद सिंह ने किसानों को मुआवजा देने, कच्चे रास्तों को पक्का करने, हाई टेंशन तारों को हटाने, बाढड़ा को नगर पालिका दर्जा देने की मांग उठाई। पूंडरी विधायक ने स्कूलों में निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू होने पर नायब सरकार का आभार जताते हुए पाई में कबड्डी नर्सरी का निर्माण, कैथल से कुरुक्षेत्र तक सड़क को फोर लेन करने, कैथल से करनाल तक रेलवे लाइन बिछाने और पूंडरी को सब-डिविजन बनाने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा