home page

एक दशक में नलकूपों के लिए 1.64 लाख आवेदन

 | 

98 हजार मिले कनेक्शन, 43 हजार अभी भी इंतजार में

ट्यूबवेल कनेक्शन पर सरकार ने जारी की 10 की रिपोर्ट

चंडीगढ़, 28 फ़रवरी (हि.स.)। फसलों में सिंचाई के लिए ट्यूबवेल कनेक्शन की कतार लंबी हो रही है। आवेदन बढ़ रहे हैं और कनेक्शन अटके हुए हैं। पिछले 10 सालों में किसानों ने ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए 1.64 लाख आवेदन पहुंचे, जिसमें से 98 हजार को कनेक्शन मिले तो 43 हजार अभी भी इंतजार में हैं। हालांकि, किसान सोलर ट्यूबवेल की ओर कदम बढ़ा रहे हैं, जिसकी लागत भी कम है। हरेडा द्वारा 10 सालों में 1.88 लाख सोलर कनेक्शन जारी किए गए हैं।

हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में मुलाना से कांग्रेस विधायक पूजा ने लंबित ट्यूबवेल कनेक्शनों का मुद्दा उठाया। विधायक पूजा के अतारांकित सवाल का ऊर्जा मंत्री अनिल विज की ओर से लिखित में आंकड़ों सहित जवाब दिया गया।

मुलाना विधायक ने सवाल किया कि पिछले 10 सालों के दौरान ट्यूबवेल के बिजली कनेक्शनों के लिए प्राप्त आवेदनों का वर्षवार संख्या कितनी है। राज्य में 10 वर्षों के दौरान दिए गए ट्यूबवेल कनेक्शनों की वर्षवार संख्या कितनी है तथा 31 जनवरी 2026 तक लंबित ट्यूबवेलों की बिजली कनेक्शनों की संख्या कितनी है, इन लंबित कनेक्शनों को कब तक जारी किए जाने की संभावना है। ऊर्जा मंत्री की ओर से जवाब दिया कि लंबित बिजली कनेक्शनों को अगले छह माह में जारी कर दिया जाएगा। 31 दिसंबर 2023 तक अप्लाई किए आवेदनों के लिए 31 जनवरी तक पूरी राशि जमा कराने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। 31 जनवरी तक तक 13360 ट्यूवेबल आवेदन लंबित हैं, जिन्होंने पूरी लागत जमा करवा दी है। इनमें यूएचबीवीएन के 4241 और डीएचबीवीएन के 9119 कनेक्शन हैं। इसके अलावा, 43527 ट्यूबवेल कनेक्शन लंबित हैं, इनमें यूएचबीवीएन के 16 हजार 323 और डीएचबीवीएन के 27 हजार 204 कनेक्शन लंबित हैं। यह आवेदन 1 जनवरी 2024 से लेकर 31 जनवरी 2026 की अवधि के बीच में आए हैं। सरकार की ओर से मांग नोटिस जारी करने फैसले पर इन पर कार्रवाई की जाएगी।

ऊर्जा विभाग का कहना है कि किसानों को सिंचाई के लिए समय पर बिजली उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और प्रक्रिया को पारदर्शी तथा व्यवस्थित बनाया गया है।

वर्ष 2016-17 से 31 जनवरी 2026 तक ट्यूबवेल कनेक्शन के आवेदनों का ब्योरा

वर्ष कनेक्शन आवेदन

2016-17 09110

2017-18 9026

2018-19 52235

2019-20 04265

2020-21 03994

2021-22 17278

2022-23 05444

2023-24 22068

2024-25 24355

2025-26 15634

कुल 164409

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा