home page

जींद में तेजाब पीडि़ता के इलाज का खर्च उठाएगी हरियाणा सरकार

 | 

-बैठक में 12.98 लाख के मेडीक्लेम बिल व एक लाख राहत राशि मंजूर

चंडीगढ़, 28 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार तेजाब हमले से प्रभावित पीडि़तों को समय पर आर्थिक सहायता, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और पुनर्वास सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। श्रुति चौधरी शनिवार को तेजाब हमले से पीडि़तों की सहायता के लिए गठित राज्य स्तरीय कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रही थी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तेजाब हमले से प्रभावित महिलाओं, बालिकाओं और 18 वर्ष तक के बालकों के उपचार एवं पुनर्वास के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। विभाग द्वारा संचालित तेजाब पीडि़त राहत एवं पुनर्वास योजना के तहत पीडि़तों को एक लाख रुपये की अंतरिम राहत तथा 100 प्रतिशत नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाती है।

राज्य स्तरीय कमेटी की बैठक में जींद जिले की एक पीडि़ता के तेजाब हमले के उपचार पर हुए खर्च की चिकित्सा प्रतिपूर्ति के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।

कमेटी ने पीडि़ता के उपचार पर खर्च हुए 11,12,614 रुपये तथा 85,953 रुपये के मेडिकल बिलों की प्रतिपूर्ति को मंजूरी प्रदान की। इसके अतिरिक्त, पीडि़ता को योजना के तहत एक लाख रुपये की अंतरिम राहत राशि देने की भी स्वीकृति दी गई। इस प्रकार पीडि़ता को कुल 12,98,567 रुपये की चिकित्सा प्रतिपूर्ति एवं अंतरिम राहत राशि स्वीकृत की गई है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीडि़ता को दिव्यांग पेंशन दिलाने के लिए सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग को लिखा जाए। इसके अलावा, तेजाब हमले के पीडि़तों को योजना की जानकारी देने के लिए प्रचार अभियान चलाया जाए ताकि वे अपने अधिकार से वंचित न रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा