home page

हरियाणा में एक अगस्त से शुरू होगी ट्रांसफर ड्राइव

 | 

-ट्रांसफर ड्राइव-2026 का शेड्यूल जारी

चंडीगढ़, 24 जुलाई (हि.स.)।

शिक्षा विभाग ने आनलाइन टीचर ट्रांसफर ड्राइव-2026 का शेड्यूल जारी कर दिया है। पहली अगस्त से ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू होगी। विभाग की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि ट्रांसफर ड्राइव में हिस्सा लेने से पहले डाटा सत्यापन करना होगा, इसके बाद ही तबादले का मौका मिलेगा।स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव की ओर से जारी ट्रांसफर ड्राइव में शिक्षकों को आठ चरणों को पूरा करना होगा। सबसे पहले शिक्षकों को सर्विस प्रोफाइल अपडेट करनी होगी। वहीं, विभाग की ओर से मेरिट अंक एवं टेन्योर की गणना के लिए 31 जुलाई को कट आफ तिथि निर्धारित की जाएगी।

तबादला प्रक्रिया के तहत सभी शिक्षकों के लिए निर्धारित अवधि में एमआईएस पोर्टल पर अपनी व्यक्तिगत और सेवा संबंधी जानकारी को अपडेट एवं सत्यापित करना अनिवार्य होगा। ऐसा नहीं करने या गलत जानकारी देने पर संबंधित शिक्षक, मुख्याध्यापक अथवा प्रधानाचार्य के विरुद्ध शिक्षक तबादला नीति-2026 तथा सेवा नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

इसके बाद 8 और 9 अगस्त को सभी शिक्षकों के मेरिट स्कोर और टेन्योर का प्रकाशन किया जाएगा। यदि किसी शिक्षक को अपने अंक या सेवा विवरण में कोई त्रुटि दिखाई देती है तो वह 10 से 14 अगस्त तक ऑनलाइन दावा अथवा आपत्ति दर्ज करा सकेगा।

दर्ज आपत्तियों का निपटारा 15 से 21 अगस्त तक जिला स्तरीय समिति करेगी, जबकि 22 अगस्त को समिति के निर्णय सार्वजनिक किए जाएंगे। जिला समिति के निर्णय से असंतुष्ट शिक्षक 23 से 25 अगस्त के बीच राज्य स्तरीय समिति के समक्ष अपील कर सकेंगे। राज्य स्तरीय समिति 26 से 28 अगस्त तक अपीलों पर निर्णय लेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा