home page

हरियाणाा: खिलाड़ियों को पुरस्कार व छात्रवृत्ति में दिए 536 कराेड़

 | 

चंडीगढ़, 23 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने राज्य के खिलाड़ियों को वर्ष 2019 से अब तक नकद पुरस्कार और छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत कुल 536 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की गई है। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सदन में विस्तृत विवरण रखा।

कैथल से कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने यह मुद्दा उठाया था। खेल मंत्री ने बतया कि कैश अवार्ड के लिए 11 हजार 489 खिलाड़ियों ने आवेदन किया। इनमें से 6 हजार 987 को मंजूरी दी जा चुकी है और 1361 लंबित हैं। सबसे ज्यादा आवेदन स्वर्ण पदक श्रेणी से जुड़े हैं।

उन्होंने बताया कि खेल विभाग ने 2019 से 2025 तक खिलाड़ियों को 491.22 करोड़ रुपये नकद पुरस्कार के रूप में वितरित किए। 2019 में 38.10 करोड़, 2021 में 70.67, 2023 में 100.40, 2024 में 115.55 तथा 2025 में 104.09 करोड़ रुपये के कैश अवार्ड दिए गए। राज्य सरकार ने राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति के रूप में भी भारी रकम जारी की है।

खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि आउट स्टैडिंग स्पोर्ट्स पर्सन (ओएसपी) के तहत 151 खिलाड़ियों को नौकरी ऑफर की गई। इनमें से 136 खिलाड़ियों ने ज्वाइन किया। इसी तरह ईएसपी (योग्य खिलाड़ी) कोटे के तहत 4 हजार 778 खिलाड़ियों को नौकरियों की पेशकश की गई। उन्होंने कहा कि हरियाणा, अकेला ऐसा राज्य है जहां खिलाड़ियों को सबसे अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

जुलाना विधायक विनेश फोगाट के सवाल के जवाब में खेल मंत्री ने बतया कि प्रदेश में 245 खेल स्टेडियम सक्रिय हैं। 27 खेल स्टेडियम निर्माणाधीन हैं और 27 नए स्टेडियम प्रस्तावित हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में खेलों के प्रशिक्षकों के कुल 1584 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 583 प्रशिक्षक कार्यरत हैं और 1001 पद खाली हैं। इन्हें जल्द ही भरा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा