home page

राष्ट्रीय खेल पदक विजेताओं को सम्मानित करेगी सरकार :गौरव गौतम

 | 
राष्ट्रीय खेल पदक विजेताओं को सम्मानित करेगी सरकार :गौरव गौतम


चंडीगढ़, 05 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा सरकार की खेल नीति के तहत सरकार द्वारा 9 फरवरी को गुरुग्राम में समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा उत्तराखंड में हुए 38वें राष्ट्रीय खेल पदक विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा और सीएम कप-2025 का भी शुभारंभ किया जाएगा।

खेल मंत्री गौरव गौतम ने गुरुवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सम्मान समारोह में राष्ट्रीय खेलों के 48 स्वर्ण, 47 रजत और 58 कांस्य पदक विजेताओं के साथ-साथ खेलों में भागीदारी करने वाले कुल 689 खिलाडिय़ों, कोचों को भी सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर भारतीय हाकी में उत्कृष्ट योगदान देने व हाल ही में पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित खिलाड़ी सविता पूनिया को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक लगभग 709 करोड़ रुपये की राशि 16970 खिलाडिय़ों को नकद पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि के रूप में दी जा चुकी है। वर्ष 2025-2026 के दौरान 662 खिलाडिय़ों को 109 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि 114 करोड़ की राशि से प्रदेश के खेल स्टेडियमों के कायाकल्प किया जा रहा है, जिसमें से 70 प्रतिशत काम हो चुका है। स्टेडियम में हुए हादसों पर खेल मंत्री ने कहा कि विभाग के दो उपनिदेशकों की डयूटी लगाई गई है, जो अपनी विस्तृत रिपोर्ट देंगे। केंद्रीय बजट में खेलो इंडिया मिशन शुरू करने का स्वागत करते हुए गौरव गौतम ने कहा कि इसका सीधा लाभ हरियाणा को मिलेगा। हरियाणा बजट के संबंध में खेल मंत्री ने कहा कि पिछले साल 100 करोड़ का बजट मिला था। जिसमें से 70 प्रतिशत का इस्तेमाल हो चुका है।

खिलाडिय़ों को नौकरी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकाल में 44 नौकरी नहीं दे पाई तो वहीं दस सालों में खेल विभाग में 241 खिलाडिय़ों को नौकरी देने का काम किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा