हरियाणा में तीन लाख 78 हजार नए मतदाताओं ने किया आवेदन
एसआईआर में 4.35 लाख मामलों की सुनवाई बाकी
28 अक्टूबर तक दावे और आपत्तियों का होगा निपटारा
चंडीगढ़, 01 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और मौजूदा विवरण में बदलाव के लिए आवेदन किया है। प्रदेश में नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए तीन लाख 77 हजार 987 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए 40 हजार 162 आवेदन और नाम, पता व अन्य विवरण में संशोधन के लिए 2 लाख 14 हजार 693 आवेदन आए हैं। अब दावों और आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया 28 अक्टूबर तक चलेगी। इसके बाद छह नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फार्म-6 के तहत सबसे ज्यादा आवेदन गुरुग्राम से 39,985 प्राप्त हुए हैं। इसके बाद फरीदाबाद से 33,463 और हिसार से 22,001 आवेदन आए। दूसरी ओर चरखी दादरी में 7,095, पंचकूला में 8,786 और नूंह में 9,087 आवेदन दर्ज किए गए हैं। फार्म-7 के तहत मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए कुल 40,162 आवेदन मिले। इनमें पानीपत 3,600 आवेदनों के साथ सबसे आगे है। हिसार से 2,790 और सिरसा से 2,539 आवेदन आए हैं।
वहीं फार्म-8 के तहत 2,14,693 आवेदन मतदाता सूची में जानकारी दुरुस्त करने, पता बदलने और मतदाता पहचान पत्र में बदलाव के लिए प्राप्त हुए हैं। इनमें कुरुक्षेत्र से 14,347, गुरुग्राम से 13,767 और जींद से 13,513 आवेदन शामिल हैं। एसआईआर के दौरान मैपिंग नहीं होने या मैपिंग में विसंगति पाए जाने के कारण प्रदेश में 44 लाख 91 हजार 691 नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से 40 लाख 56 हजार 716 मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि 4 लाख 34 हजार 975 मामलों का निपटारा अभी बाकी है। सबसे अधिक लंबित मामले फरीदाबाद, करनाल और हिसार में हैं। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजकुमार लोहान ने सभी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि लंबित मामलों की समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित की जाए और निर्णय लेते समय भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

