home page

हरियाणा में स्कूली खेल चार अक्टूबर से

 | 

- शिक्षा निदेशालय ने जारी किया कार्यक्रम

चंडीगढ़, 01 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने 59वीं राज्य स्तरीय स्कूल टूर्नामेंट्स (2026-27) के तहत आयोजित होने वाले कई खेलों के शेड्यूल में बदलाव किया है। जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों के अनुरोध के बाद विभाग ने नया शेड्यूल जारी कर दिया है। पहले चरण की प्रतियोगिताएं चार से छह अक्टूबर तथा दूसरे चरण की प्रतियोगिताएं नौ से 11 अक्टूबर तक होंगी।

इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा महानिदेशक, हरियाणा (पंचकूला) की ओर से प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को नए शेड्यूल के पालन के आदेश जारी किए हैं। इस संबंध में सरकार ने जिला उपायुक्तों तथा जिला खेल अधिकारियों एवं परिवहन विभाग के महाप्रबंधकों को भी पत्र भेजा है। परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि दूसरे जिलों से आने-जाने वाले खिलाडिय़ों के लिए आवश्यकतानुसार बसों की निर्बाध सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी इन टूर्नामेंट्स के संचालन और खिलाडिय़ों के खान-पान व ठहरने का खर्च अपने स्वयं के तय बजट व स्कीम से ही जारी करेंगे। अकादमिक सेल को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे इस नए टाइमटेबल को टीचर्स डायरी में अपडेट करें ताकि स्कूलों की नियमित पढ़ाई और परीक्षाओं पर इसका असर न पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा