home page

सरकार ने 18 योजनाओं का बजट घटाया : रणदीप सुरजेवाला

 | 
सरकार ने 18 योजनाओं का बजट घटाया : रणदीप सुरजेवाला


चंडीगढ़, 03 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा सरकार के साल 2026-27 के बजट के आंकड़ों पर सवाल उठाए हैं। मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, विधवाओं, गर्भवती महिलाओं, लाडो लक्ष्मी योजना की लाभार्थी बहनों, किसानों और युवाओं के कल्याण की योजनाओं के बजट को बहुत अधिक काट दिया गया है। कपास उत्पादक किसानों के साथ धोखा किया गया है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि राज्य पर 3 लाख 94 हजार 551 करोड़ का कर्ज है। इसमें सार्वजनिक कंपनियों व बिजली सेक्टर का डेढ़ लाख करोड़ का कर्ज शामिल नहीं है। 12 साल से भाजपा सरकार हर रोज 74 करोड़ तथा हर घंटे तीन करोड़ आठ लाख का कर्ज ले रही है। एक मिनट में पांच लाख 14 हजार का कर्ज लिया जा रहा है। राज्य के प्रत्येक व्यक्ति के सिर पर एक लाख 40 हजार 911 रुपये का कर्ज है।

रणदीप सुरजेवाला ने 98 से 100 प्रतिशत बजट खर्च होने के सीएम के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार के फिजिकल हेल्थ इंडेक्स में हरियाणा 14वें स्थान पर है, जबकि बिहार 13वें स्थान पर है। बुजुर्गों की पेंशन की मद में इस बार 2730 करोड़ का बजट काटा गया है, जबकि विधवा पेंशन की मद में 685 करोड़ की राशि काटी गई है। दिव्यांगजनों की पेंशन की मद में 136 करोड़, दुर्घटना सहायता योजना की मद में 86 प्रतिशत बजट, सीएम मातृत्व योजना में 33 प्रतिशत बजट काट दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में 18 सामाजिक योजनाओं का बजट काटा गया है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ राज्य की 95 लाख महिलाओं को देने का वादा भाजपा ने किया था, लेकिन सिर्फ 9 प्रतिशत को लाभ दिया। महिलाओं को हर माह अपने जीवित होने का प्रमाण देने को कहा जा रहा है। पिछले साल 5000 करोड़ के बजट के मुकाबले सिर्फ 728 करोड़ दी, जबकि इस बार 6500 करोड़ का बजट रखकर आंखों में धूल झोंकी जा रही है। गरीबों के 12 लाख एक हजार बीपीएल राशनकार्ड काट दिए गए हैं। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से चार साल में सिर्फ 16,863 युवाओं को नौकरियां दी, जबकि दो लाख पद खाली हैं। शैक्षणिक संस्थानों में हजारों पद खाली पड़े हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा