राहुल हुड्डा नागरिक उड्डयन मंत्रालय में उप सचिव नियुक्त, छह एचसीएस का तबादला
चंडीगढ़, 28 अक्टूबर (हि.स.)। नायब सरकार ने अफसरशाही में फेरबदल किया है। एक आईएएस अधिकारी केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर गए हैं तो छह एचसीएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। हरियाणा सरकार ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष सचिव, आईएएस अधिकारी राहुल हुड्डा की सेवाएं केंद्र सरकार को सौंप दी हैं। उन्हें नागरिक उड्डयन मंत्रालय, दिल्ली में उप सचिव नियुक्त किया गया है।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से जारी आदेशों के मुताबिक, राज्य सूचना आयोग में सचिव सुरेंद्र सिंह को महिला एवं बाल कल्याण विभाग के अतिरिक्त निदेशक और हेल्थ सर्विसेज में अतिरिक्त निदेशक कुलबीर सिंह को भी आयुष विभाग में अतिरिक्त निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
महिला एवं बाल कल्याण विभाग की संयुक्त सचिव डॉ. शिल्पी पात्तर दत्ता को मौलिक शिक्षा विभाग में संयुक्त सचिव, जिला परिषद महेंद्रगढ़ के सीईओ डॉ. निर्मल नागर को मौलिक शिक्षा विभाग में अतिरिक्त निदेशक, आयुष विभाग में संयुक्त निदेशक दीपक यादव को जिला परिषद महेंद्रगढ़ का सीईओ और नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे डॉ. इंद्रजीत को शाहाबाद शुगर मिल एमडी नियुक्त किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

