आईआईटीएफ-2026 में दिखेगा हरियाणा के उत्पादों का दम
एमएसएमई व कारीगरों को मिलेगा बड़ा बाजार
रियायती दरों पर उपलब्ध करवाए जाएंगे स्टॉल
चंडीगढ़, 24 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के स्थानीय उत्पादों, एमएसएमई और कारीगरों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए, राज्य सरकार ’भारत अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ)-2026’ में राज्य की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करेगी। आगामी 14 से 27 नवंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में लगने वाले इस प्रतिष्ठित व्यापार मेले में राज्य के एमएसएमई, कारीगरों और राज्य में निर्मित विभिन्न उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। मेले में छोटे उद्यमों और कारीगरों को रियायती दरों पर स्टॉल उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि वे अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विपणन कर सकें और देशभर के खरीदारों तक सीधे पहुंच बना सकें।
राज्य की भागीदारी से जुड़ी तैयारियों को लेकर गुरुवार को मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई टीएफएएच की गवर्निंग बॉडी की 37वीं बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि ‘विकास और विरासत’ थीम पर आयोजित होने वाले इस मेले के माध्यम से हरियाणा के एमएसएमई और कारीगरों को अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार और नए खरीदारों तक पहुंच बनाने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा। रियायती दरों पर उपलब्ध करवाए जाने वाले स्टॉलों से छोटे उद्यमों और कारीगरों को देश के प्रमुख व्यापारिक मंचों में अपने उत्पादों की पहचान बनाने, ग्राहकों से सीधे जुड़ने तथा नए कारोबारी संपर्क विकसित करने में सहायता मिलेगी। इससे राज्य में निर्मित उत्पादों के विपणन और ब्रांडिंग को भी बढ़ावा मिलेगा।
आईआईटीएफ के दौरान 22 नवंबर को भारत मंडपम के एम्फीथिएटर में ‘हरियाणा राज्य दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य की औद्योगिक क्षमता, उद्यमिता, हस्तशिल्प तथा स्थानीय उत्पादों की विविधता और विरासत को प्रमुखता से प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए हरियाणा व्यापार मेला प्राधिकरण के 4.14 करोड़ रुपये के बजट को भी मंजूरी प्रदान की गई। इस बजट के माध्यम से प्राधिकरण की विभिन्न गतिविधियों के साथ-साथ देश के प्रमुख व्यापार मेलों एवं प्रदर्शनियों में हरियाणा की भागीदारी को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।
आईआईटीएफ-2026 के बाद भी राज्य सरकार हरियाणा के उत्पादों और उद्यमों को देश के विभिन्न बाजारों तक पहुंचाने के लिए प्रमुख व्यापारिक आयोजनों में भागीदारी जारी रखेगी। आगामी 9 से 11 दिसंबर तक मुंबई में आयोजित होने वाले ‘अन्नपूर्णा इंटर फूड-2026’ में राज्य की भागीदारी प्रस्तावित है। इसका आयोजन फिक्की तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के सहयोग से किया जाएगा।
इसी क्रम में जनवरी 2027 में गुवाहाटी में आयोजित होने वाले ‘ईस्ट हिमालयन एक्सपो’ में भी राज्य की भागीदारी प्रस्तावित है। यह भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) द्वारा आयोजित बहु-उत्पाद प्रदर्शनी है। इसके बाद मार्च 2027 में भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘आहार इंटरनेशनल फेयर-2027’ में भी हरियाणा की भागीदारी प्रस्तावित है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

