home page

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बिजली कॉल सेंटर पर मारा छापा

 | 
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बिजली कॉल सेंटर पर मारा छापा


चंडीगढ़, 27 मई (हि.स.)। हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बुधवार को पंचकूला स्थित उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कॉल सेंटर का औचक निरीक्षण कर बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉल सेंटर में आने वाली शिकायत कॉल्स, उनके समाधान की प्रक्रिया तथा उपभोक्ताओं को दिए जा रहे रिस्पॉन्स की विस्तृत समीक्षा की।औचक निरीक्षण के उपरांत मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 1912 कॉल सेंटर स्थापित किए गए हैं।

विज ने बताया कि पंचकूला स्थित इस कॉल सेंटर में लगभग 250 कर्मचारी 24 घंटे कार्यरत रहते हैं और बिजली से संबंधित शिकायतों को लगातार अटेंड करते हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं यह देखने के लिए यहां पहुंचे हैं कि शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर और प्रभावी ढंग से हो रहा है या नहीं। कुछ उपभोक्ताओं ने समाधान पर संतोष जताया, जबकि कुछ मामलों में अपेक्षित रिस्पॉन्स न मिलने की बात सामने आई, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शहरी क्षेत्रों में बिजली संबंधी शिकायतों का समाधान अधिकतम दो घंटे के भीतर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में चार घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि आज कॉल सेंटर में लगभग 2500 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से आधी शिकायतों का समाधान किया जा चुका है, जबकि शेष शिकायतों पर तेजी से कार्य जारी है।

मोरनी क्षेत्र की एक शिकायत का उल्लेख करते हुए विज ने बताया कि वहां पिछले दिन से बिजली आपूर्ति बाधित थी। इस संबंध में उन्होंने तत्काल संबंधित अधीक्षण अभियंता से बातचीत कर मौके पर स्टाफ भेजने और शीघ्र बिजली बहाल करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार, रोहतक क्षेत्र में अधिक शिकायतें मिलने पर उन्होंने वहां के अधिकारियों को भी शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा