home page

ऑपरेशन ट्रैकडाउन : चार दिन में हरियाणा पुलिस ने 1253 कुख्यात अपराधियों को दबोचा

 | 

चंडीगढ़, 06 अगस्त (हि.स.)। आगामी स्वतंत्रता दिवस-2026 के मद्देनजर हरियाणा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ के तहत चार दिनों में 1253 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इस अवधि में 1196 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, 204 गंभीर अपराधों में शामिल आरोपितों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया, जबकि 143 हिस्ट्रीशीट अपडेट और 18 नए आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गईं।

हरियाणा पुलिस द्वारा यह विशेष अभियान हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, फिरौती, स्नैचिंग, अपहरण, अवैध हथियारों और अन्य संगठित अपराधों में संलिप्त अपराधियों की धरपकड़ के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान जिला पुलिस, अपराध शाखाओं, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) तथा अन्य विशेष इकाइयों द्वारा लगातार संयुक्त कार्रवाई की जा रही है, जिससे अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने में उल्लेखनीय सफलता मिल रही है।

पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने गुरुवार को कहा कि इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों के मन में कानून का भय स्थापित करना तथा प्रदेशवासियों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी गंभीर अपराध में संलिप्त व्यक्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सभी पुलिस आयुक्तों, जिला पुलिस अधीक्षकों तथा विशेष इकाइयों को निर्देश दिए गए हैं कि वांछित, फरार और आदतन अपराधियों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई करते हुए उनके आपराधिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए।

सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस संगठित अपराध, फरार अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सुरक्षित, अपराधमुक्त और कानून के राज वाले हरियाणा के संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ साकार कर रही है। प्रदेशवासियों की सुरक्षा हरियाणा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पुलिस महानिरीक्षक (राज्य अपराध शाखा) राकेश आर्य ने बताया कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत गंभीर प्रकृति के अपराधों पर विशेष फोकस रखते हुए पुलिस ने चार दिनों में 151 गंभीर मामलों में 204 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें आर्म्स एक्ट के 55 मामलों में 59 आरोपित, हत्या के प्रयास के 34 मामलों में 63 आरोपित, हत्या के 23 मामलों में 26 आरोपित, लूट के 14 मामलों में 20 आरोपित, स्नैचिंग के 9 मामलों में 17 आरोपित, फिरौती के 6 मामलों में 6 आरोपित, अपहरण के 6 मामलों में 5 आरोपित तथा डकैती के 3 मामलों में 7 आरोपित गिरफ्तार किए गए। इसके अतिरिक्त अन्य श्रेणी के 1045 मामलों में 1049 आरोपितों को भी गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने 18 नए आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली, जबकि 143 हिस्ट्रीशीटों को अपडेट कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड को और अधिक मजबूत बनाया गया। इससे ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने और भविष्य में उनके विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा