home page

हरियाणा पुलिस ने होली से पूर्व शुरू किया ‘ऑपरेशन आक्रमण-21’

 | 

चंडीगढ़, 03 मार्च (हि.स.)। हरियाणा पुलिस ने होली से पूर्व प्रदेशभर में चलाए गए ‘ऑपरेशन आक्रमण-21’ के तहत सख्त कार्रवाई की है। पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने मंगलवार को चंडीगढ़ में जारी जानकारी में बताया कि दो मार्च से शुरू हुए ऑपरेशन के अंतर्गत प्रदेशभर में 7471 पुलिसकर्मियों की 1460 टीमों द्वारा एक साथ रेड की गई।

इस दौरान भारतीय न्याय संहिता, एनडीपीएस, एक्साइज और आम्र्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत 461 मुकदमें दर्ज करके 1048 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई राज्य को अपराध मुक्त बनाने की दिशा में हरियाणा पुलिस की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि होली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया है, ताकि आमजन सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण में पर्व मना सकें। आबकारी अधिनियम के तहत 299 एफआईआर दर्ज कर 293 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 1539 बोतलें अंग्रेजी शराब, 1970 बोतलें देसी शराब, 1051 बोतलें बीएलएल, 6048 बोतलें बीआईएल, 292 बीयर की बोतलें और 8276 लीटर लाहन बरामद की। एनडीपीएस अधिनियम के तहत 46 एफआईआर दर्ज कर 41 आरोपियों को काबू किया गया।

पुलिस ने 25.189 किलो गांजा, 500 ग्राम अफीम, 191 ग्राम हेरोइन, 5.050 किलो अफीम भूसा, 34.64 ग्राम स्मैक, 306 ग्राम चरस, 332.18 ग्राम सुल्फा, 390 नशीली गोलियां और 135 कैप्सूल बरामद किए। यह कार्रवाई राज्य को नशामुक्त बनाने के संकल्प को और अधिक सशक्त करती है।

आर्मस एक्ट के तहत 19 एफआईआर दर्ज कर 16 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। आरोपितों के कब्जे से 20 देसी कट्टे और 11 कारतूस बरामद किए गए। यह अभियान अपराधियों की कमर तोड़ने और संभावित वारदातों को रोकने में प्रभावी साबित होगी। पुलिस ने 61 उद्घोषित अपराधी (पीओ), 101 बेल जंपर, 5 मोस्ट वांटेड, एक इनामी अपराधी, एक साइबर अपराधी और एक जघन्य अपराधी सहित कुल 67 अपराधियों को गिरफ्तार किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा